2.14 लाख बच्चे प्रतिदिन करते हैं आनलाइन क्लास

बेगूसराय : दूरदर्शन पर वर्ग एक से 12 तक के बच्चों के लिए प्रसारित होने वाले ऑनलाइन क्लास में अधिक से अधिक बच्चों को शामिल कराने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग लगातार प्रयासरत है। इसका असर ये हुआ है कि अब तक जिले भर में दो लाख 14 हजार 796 विद्यार्थी आनलाइन क्लास से जुड़ गए हैं।

ऑनलाइन क्लास के नोडल ऑफिसर सह डीपीओ एमडीएम डॉ. तनवीर आलम ने बताया कि दूरदर्शन सहित मोबाइल के माध्यम से सरकारी स्कूलों के बच्चों को ऑनलाइन शिक्षा देने का प्रयास किया जा रहा है। ताकि अधिक बच्चों को इस वर्ग से लाभ पहुंचाया जा सके। उन्होंने बताया कि प्रत्येक दिन अलग-अलग समय पर अलग-अलग वर्गों के लिए कार्यक्रम प्रसारित होता है। सुबह नौ बजे से दस बजे तक वर्ग छह से आठ के लिए, दस बजे से 11 बजे तक वर्ग 11 एवं 12 के लिए, 11 से 12 बजे तक वर्ग नवम एवं दशम के लिए, संध्या तीन बजे से चार बजे तक वर्ग एक एवं दो तथा चार बजे से संध्या पांच बजे तक वर्ग तीन से पांच तक के विद्यार्थियों के लिए वर्ग संचालित होती है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार को सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी इस कार्यक्रम से संबंधित प्रतिवेदन प्रपत्र में भरकर जिला कार्यालय को उपलब्ध कराते हैं। जिसके अनुसार वर्ग एक-दो के 22430, वर्ग तीन से पांच के 53874, वर्ग छह से आठ तक में 71317, वर्ग नौ एवं दस के 52524 एवं वर्ग 11-12 के 14661 बच्चे आनलाइन क्लास कर रहे हैं। बताते चलें कि बेगूसराय के सरकारी स्कूलों में छह लाख 42 हजार 657 बच्चे नामांकित हैं।

Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार