अभिनेता बिजय मोहंती का लंबी बीमारी के बाद निधन, 70 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

साल 2020 फिल्म इंडस्ट्री के लिए शुभ नहीं है। एक से बढ़कर एक अभिनेता इस साल दुनिया छोड़कर जा चुके हैं। इस बीच एक और बुरी खबर आ रही है। ओडिया फिल्मों के जानेमाने अभिनेता बिजय मोहंती का लंबी बीमारी निधन हो गया है। वह 70 साल के थे।सूत्रों के अनुसार, तबीयत बिगड़ने पर बिजय मोहंती को अस्पताल लाया गया था जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। वह हृदयरोग से पीड़िता थे। उनका इलाज हैदराबाद में हुआ था। वह पिछले महीने विशेष एंबुलेंस से भुवनेश्वर लाये गये थे।बिजय मोहंती के परिवार में उनकी पत्नी तंद्रा राय और बेटी जस्मीन है। तंद्रा राय भी ओडिया फिल्मों की अभिनेत्री हैं। मोहंती के निधन की खबर मिलते ही ओडिया फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। ओडिशा मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और केंद्रीय मंत्री धमेंद्र प्रधान समेत कई गणमान्य लोगों ने मोहंती के निधन पर शोक प्रकट किया है। मुख्यमंत्री पटनायक ने उन्हें महान विभूति बताया जिन्होंने अपनी प्रतिभा से ओडिया फिल्मोद्योग को समृद्ध किया।

सन 1950 में पैदा हुए मोहंती ने स्कूल के दिनों से ही अभिनय शुरू कर दिया। वह भारतीय नाट्य विद्यालय से उत्तीर्ण होकर निकले और सत्तर के दशक के मध्य में नाटकों का निर्देशन किया। ओडिया सिनेमा में 1977 में उनके करियर की शुरुआत हुई। उन्हें ‘चिलिका टायर’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला।
उन्होंने ‘नागा फासा’, ‘समय बड़ा बलवान’, ‘दंडा बालुंगा’ समेत कई फिल्मों में अभिनय किया। वह उत्कल संगीत महाविद्यालय के नाट्य विभाग से जुड़े और प्रोफेसर पद से रिटायर हुए थे।

अन्य समाचार