महिला हत्याकांड में आठ के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज

बक्सर। राजपुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव में रविवार की रात 40 वर्षीय मंझरिया देवी की गोली मारकर की गई हत्या के बाद मृतका के भैसुर सुरेंद्र राम के बयान पर गांव के ही सूरजन राम समेत आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बयान के अनुसार घटनास्थल पर मौजूद मृतक महिला की पुत्री ने सभी आरोपितों की पहचान की है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने में लगी है। राजपुर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि प्राथमिकी के अनुसार आरोपितों के साथ पूर्व से किसी बात को लेकर विवाद चला आ रहा था। 6 माह पहले ही किसी बात को लेकर आरोपित सूरजन राम की पत्नी ने मृतक मंझरिया देवी के साथ खूब गाली गलौज की थी। इसके बाद सूरजन राम व उसके लोगों ने मंझरिया देवी के साथ उसके घर जाकर मारपीट भी की थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए दोनों पक्ष को शांतिपूर्वक रहने की सख्त हिदायत दी थी। मारपीट की घटना के बाद से मंझरिया देवी के पति विपेंद्र कुमार राम गाजियाबाद में चले गए जो किसी निजी कंपनी में काम करते हैं । रविवार की शाम महिला अपनी 14 वर्षीय पुत्री नेहा के साथ शौच के लिए घर से बाहर जा रही थी। गांव से बाहर कुछ ही दूर आगे जाने के बाद नामजद अभियुक्तों ने लड़की को डांट डपट कर वहां से भगाते हुए मंझरिया देवी को अगवा कर लिया। इस बीच भागते हुए घर पहुंचकर लड़की ने जैसे ही घरवालों को बताया, पास पड़ोस के ग्रामीणों और स्वजनों ने खोजबीन का प्रयास किया। पर, रात के अंधेरे में कोई जानकारी नहीं मिलने पर सभी लोग चुप बैठ गए। सोमवार की सुबह गांव के ग्रामीणों ने बगीचा में शव पड़ा देख पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान महिला की पीठ में गोली लगने के निशान के साथ ही घटनास्थल से 315 बोर का एक खोखा बरामद किया था। थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि घटना के बाद से सभी आरोपित फरार हैं। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद से गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार