अब सेना में महिला अफसर भी पा सकेंगी स्थायी कमीशन, मोदी सरकार ने दी मंजूरी

रक्षा मंत्रालय ने भारतीय थलसेना में महिला अधिकारियों को स्थायी कमीशन देने की औपचारिक सरकारी मंजूरी पत्र जारी कर दिया है। इससे, सेना में महिला अधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी देने का रास्ता खुल गया है। इस आदेश से सेना की दस शाखाओं में लघु सेवा कमीशन की महिला अधिकारियों को स्थायी कमीशन दिया जा सकेगा। इन शाखाओं में आर्मी एयर डिफेंस, सिग्नल्स, इंजीनियर्स, आर्मी एविएशन, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड मेकेनिकल इंजीनियर्स, आर्मी सर्विस कार्प्स, आर्मी आर्डिनेंस कार्प्स और इंटेलिजेंस कार्प्स शामिल हैं। जज एंड एडवोकेट जनरल और आर्मी एजुकेशनल कार्प में महिला को स्थायी कमीशन दिया जा रहा है।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, सेना मुख्यालय ने महिला अधिकारियों को स्थायी कमीशन चयन बोर्ड के संचालन के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। चयन बोर्ड जल्द से जल्द महिला अधिकारियों को स्थायी कमीशन देने और अन्य प्रक्रिया पूरी करने की कार्रवाई करेगा।
सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने महिला अधिकारियों को सेना की दस शाखाओं में स्थायी कमीशन की मंजूरी देने पर सरकार को आज बधाई दी है। एक ट्वीट में उन्होंने कहा कि यह महिलाओं का असली सशक्तिकरण है।

अन्य समाचार