नक्सलियों के जत्था गुजरने के बाद ग्रामीणों में भय

बांका। बांका-जमुई एवं मुंगेर जिला सीमा पर नक्सली संगठन की सक्रियता बढ़ गई है। बुधवार रात हार्डकोर नक्सली बहादुर कोड़ा के नेतृत्व में 15-20 हथियारबंद नक्सलियों के दस्ते को गुजरते देखा गया। सभी नक्सली वर्दी में थे। जो जमुई जंगल के रास्ते बगधसवा जंगल की तरफ पहुंचे थे।

सूत्रों के अनुसार देर रात नक्सलियों का एक दस्ता जमुई जिले के ठाढ़ी पचीसी जंगल के रास्ते खाजातरी गांव के समीप पहुंचा। इसके बाद मटियोकुर, बगधसवा जंगल से बाहर मैदानी क्षेत्र होते हुए कमलू जंगल की तरफ चला गया। नक्सलियों का दस्ता गांव से दूरी बनाए हुए चल रहा था। दस्ते के गुजरने की सूचना मिलते ही स्थानीय गांवों के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। एक सप्ताह पूर्व तीन नक्सलियों के कमलू जंगल में बीमार होने की खबर मिली थी। जिसके कोरोना पॉजिटिव होने की बात कही जा रही है। बीमार नक्सली हार्डकोर नक्सली पिटू राणा गिरोह का सदस्य बताया जा रहा है। जिसे संगठन के फरमान जारी होने बाद दुधपनिया जंगल में सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। बगधसवा, ठाढ़ी पच्चीसी, कमलू जंगल दशकों से नक्सली संगठन का महफूज ठिकाना रहा है। उन जंगलों को ही बसेरा बना तीन दशक तक अपने साम्राज्य का संचालन किया था। बरसात के दिनों में जंगल और घना हो जाता है। जिसका भरपूर फायदा नक्सली संगठन उठाता रहा है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया नक्सलियों के खिलाफ समय समय पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। क्षेत्र में नक्सली संगठन को पांव जमाने नहीं दिया जाएगा।

अन्य समाचार