सर्पदंश की घटनाओं में हो रही वृद्धि, किशोरी की हालत गंभीर

किशनगंज। बरसात की वजह से किशनगंज सहित आसपड़ोस के इलाकों में सर्पदंश की घटनाओं में भी इजाफा हो गया है। जागरूकता के अभाव में लोग सर्पदंश पीड़ित को अस्पताल न ले जाकर झाड़फूंक के चक्कर में पड़ जाते हैं। जिससे मरीज की जान पर बन जाती है। गुरुवार को भी एक ऐसा ही मामला सामने आया। शहर से सटे बंगाल के बोचाबाड़ी गांव में बुधवार शाम खाना बनाने से पूर्व चुल्हा लेपने के दौरान माधुरी राय(16), पिता राम राय सर्पदंश का शिकार हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराने के बदले गम्हारी गांव निवासी एक ओझा के पास झाड़फूंक के लिए ले गए। ओझा ने माधुरी की अंगुली में कस कर बांधे बंधन को खोल दिया और झाड़फूंक के नाम पर तरह तरह के स्वांग रचने लगा। इधर बंधन खोल दिये जाने के कारण सांप का जहर तेजी से माधुरी के शरीर में फैलने लगा और उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। लगभग तीन घंटे तक झाड़फूंक करने के बाद ओझा ने अपने हाथ खड़े कर दिये और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्वजनों ने माधुरी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां 45 भाइल सर्पदंश रोधी दवा देने के बाद माधुरी को होश आ गया। हालांकि सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती माधुरी की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार