Bihar Flood Update: सारण व चंपारण तटबंध टूटने से हाहाकर, छह सौ गांवों में भीषण बाढ़ का खतरा

पटना/ मुजफ्फरपुर, जागरण टीम। नेपाल और बिहार में भारी बारिश (Heavy Rain) के कारण उफनाई गंडक नदी (Gandak River) कहर ढ़ाने लगी है। वाल्‍मीकिनगर बराज (Valmikinagar Barage) से छोड़े गए पानी के दबाव के कारण गोपालगंज (Gopalganj) में सारण तटबंध (Saran Embankment) दो जगह टूट गया है। इसके पहले तटबंध का रिंग बांध टूटने के कारण खतरा बढ़ा हुआ था। तटबंध के टूटने के बाद गंडक का पानी राष्‍ट्रीय उच्‍च पथ 28 (NH 28) की ओर तेजी से बढ़ रहा है। साथ ही इलाके छह सौ गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। गंडक के पानी के दबाव से पूर्वी चंपारण के संग्रामपुर में चंपारण तटबंध (Champaran Embankment) टूटने से अफरा-मफरी मच गई है। वहां बाढ़ का पानी उच्‍च पथ 74 (SH 74) पर चढ़ गया है।

तटबंधों के टूटने के कारण भारी बाढ़ की आशंका से दहशत है। पूर्वी चंपारण व गोपालगंज जिला प्रशासन प्रभावित इलाकों में राहत व बचाव कार्य में जुट गए हैं।

गोपालगंज में दो जगह टूटा सारण तटबंध
गोपालगंज के बरौली स्थित देवापुर में सेलुइस गेट के पास पानी के दबाव के कारण सारण तटबंध टूट गया है। इससे गंडक नदी का पानी राष्‍ट्रीय उच्‍च पथ 28 की तरफ तेजी से फैल रहा है। देवापुर गांव में गंडक का पानी घुसने से हहाकार मच गया है। मांझागढ़ प्रखंड के पुरैना में भी सारण तटबंध टूट गया है। विदित हो कि इसके पहले दो दिनों से तटबंध का रिंग बांध रिस रहा था। एक दिन पहले इसके टूटने के बाद मुख्‍य तटबंध पर खतरा बढ़ा हुआ था।
मुख्य तटबंध के टूटने के बाद पानी के तेज बहाव में एक बालक बह गया। पानी के तेज धारा में बहा बालक देवापुर निवासी बद्री चौधरी का पुत्र बिट्टू बताया जाता है।
चंपारण तटबंध टूटने से भी अफरा-तफरी
उधर, चंपारण तटबंध भी संग्रामपुर प्रखंढ के दक्षिणी भवानीपुर पंचायत स्थित निहालु टोला में करीब 10 फीट टूट गया है। नदी के तेज बहाव के कारण टूट का दायरा बढ़ता जा रहा है। गंडक का पानी उच्‍च पथ 74 पर चढ़ने लगा है। चंपारण तटबंध पर दो दिनों से गंडक नदी का भारी दबाव था। तटबंध गुरुवार की मध्य में टूट गया। इससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। तटबंध के टूटने से हो रहे कटाव के कारण कोटवा, केसरिया, कल्याणपुर प्रखंड के कुछ इलाके इसकी चपेट में आ सकते हैं।
भीषण बाढ़ की आशंका से दहशत
जिला प्रशासन ने पूर्वी चंपारण व गांपालगंज में प्रभावित इलाकों को खाली करा दिया है। आसपास के गांबों के लोगों को भी ऊंचे स्थानों पर चले जाने को कहा गया है। इलाके में भीषण बाढ़ की आशंका से दहशत है।

अन्य समाचार