देश में 24 घंटे में कोरोना के 49,310 नए केस, 740 लोगों की मौत

नई दिल्‍ली। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ता जा रहा है। देश में 24 घंटे में कोरोना वायरस के सबसे अधिक 49,310 मामले सामने आए और 740 लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अबतक 12 लाख 87 हजार 945 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 30,601 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 लाख 17 हजार 422 लोग ठीक भी हुए हैं। पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 49 हजार 310 नए मामले सामने आए और 740 मौतें हुईं।

कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का तीसरा सबसे प्रभावित देश है। अमेरिका, ब्राजील के बाद कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित भारत है। लेकिन अगर प्रति 10 लाख आबादी पर संक्रमित मामलों और मृत्युदर की बात करें तो अन्य देशों की तुलना में भारत की स्थिति बहुत बेहतर है। भारत से अधिक मामले अमेरिका (4,169,172), ब्राजील (2,289,951) में हैं। देश में कोरोना मामले बढ़ने की रफ्तार भी दुनिया में तीसरे नंबर पर बनी हुई है।
अमेरिका अभी भी कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की लिस्ट में सबसे ऊपर है। यहां अबतक 41.69 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण के शिकार हो चुके हैं, जबकि एक लाख 47 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। अमेरिका में पिछले 24 घंटों में 68 हजार से ज्यादा नए केस आए, जबकि 1,117 लोगों की मौत हुई। वहीं ब्राजील में भी कोरोना का कहर बरकरार है। ब्राजील में संक्रमण के मामले 22 लाख 89 हजार के पार पहुंच चुके हैं, जबकि 84 हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, देश में इस वक्त 3 लाख 73 हजार 379 कोरोना के एक्टिव केस हैं। सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र में 93 हजार से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर तमिलनाडु, तीसरे नंबर पर दिल्ली, चौथे नंबर पर गुजरात और पांचवे नंबर पर पश्चिम बंगाल है। इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का चौथा स्थान है। यानी कि भारत ऐसा चौथा देश है, जहां फिलहाल सबसे ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
© Copyright - Newspaper by TagDiv

अन्य समाचार