कृष्णा हत्याकांड में चार पर नामजद प्राथमिकी

आरा। भोजपुर जिले के चौरी थाना क्षेत्र के बेरथ गांव में घटित किसान कृष्णा बिद की हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। मारे गए किसान की पत्नी सीतापति देवी के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में चार को नामजद आरोपी बनाया गया है। घटना के बाद चारों आरोपित फरार है। पुलिस गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। बुधवार की सुबह दूसरे दिन शव का पोस्टमार्टम हो सका। मृतक 40 वर्षीय कृष्णा बिद बेरथ गांव निवासी रामेश्वर बिद का पुत्र था। शव के दाहसंस्कार होने तक पुलिस चौकसी दिखी। इसे लेकर अंदर ही अंदर तनाव गहरा गया है। आरोपियों में एक का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है।

युवक को गोली मारी, गंभीर यह भी पढ़ें
------
एक महीना पहले हुआ था झगड़ा
इधर, मृतक कृष्णा बिद की पत्नी सीतापति देवी ने चौरी थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बेरथ गांव के पिटू पासवान, उसके पिता सिपाही राम, वीरेन्द्र पासवान और गुड्डू पासवान को नामजद आरोपी बनाया है। मृतक की पत्नी का आरोप है कि एक महीना पहले आरोपियों का उसके पति से मछली मारने के दौरान झगड़ा हुआ था। आरोप है कि आरोपी कृष्णा के ऊपर पार्टी और गुट में शामिल होने के लिए दबाव दे रहे थे। जिसका उसने विरोध किया था। जिसके लेकर अंदर ही अंदर तनाव चला आ रहा था। इस बीच मंगलवार की शाम धारदार हथियार से मारकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस की मानें तो कृष्णा भी पूर्व में किसी संगठन से जुड़ा था। पूर्व में उसकी भी गतिविधियां भी ठीक नहीं रही थी।
----- एक रोज पहले नदी किनारे से मिला था शव
बताया जा रहा कि बेरथ गांव निवासी कृष्णा बिद बटाईदारी पर खेत लेकर खेती करता था और अपने परिवार का जीवकोपार्जन चलाता था। वह चार भाइयों में बड़ा था। मंगलवार की सुबह कृष्णा अपने गांव के टेटू राम के साथ कृषि कार्य के सिलसिले में गांव के बधार में गया हुआ था। इस दौरान जब दोपहर एक बजे सीतापति देवी खाना लेकर खेत में गई थी तो अपने पति को गायब पाया था। बाद में खोजबीन करने पर उसका शव चरपोखरी के काउप स्थित बनास नदी के किनारे से बरामद किया गया था । हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को फेंक दिया गया था। धारदार हथियार से मारकर उसकी हत्या की गई थी। चेहरा और सिर समेत अन्य भागों में धारदार हथियार का जख्म पाया गया था। बाद में सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष पवन कुमार पहुंचे थे। रात नौ बजे के बाद शव उठ सका था। थानाध्यक्ष के अनुसार गिरफ्तारी को दबिश जारी है।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार