प्रत्येक दिन ढाई हजार मास्क निर्माण करेंगी जीविका से जुड़ी महिलाएं

मधेपुरा। जीविका से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी के निर्देश पर प्रखंड अंतर्गत गणेशपुर पंचायत में मास्क उत्पादन सह विपणन केंद्र का शुभारंभ किया गया। नारी शक्ति जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ द्वारा संचालित मास्क उत्पादन सह विपणन केंद्र का शुभारंभ संघ के अध्यक्ष रेखा देवी, जिला परियोजना प्रबंधक अनुज कुमार पोद्दार एवं प्रखंड परियोजना प्रबंधक गोकुल प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर डीपीएम अनुज कुमार पोद्दार ने कहा कि वैश्विक महामारी से निपटने के लिए सावधानी ही बचाव का एकमात्र विकल्प है। इसके लिए सभी लोगों को मास्क पहनने की आदत डालने होगी। साथ ही उन्होंने लोगों से शारीरिक दूरी का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि सरकारी निर्देशानुसार प्रत्येक परिवार के बीच चार-चार मास्क का वितरण किया जाएगा। वितरण के लिए जीविका के द्वारा तैयार मास्क करने को कहा गया है। इसके लिए मास्क उत्पादन सह विपणन केंद्र शुरू किया गया। इससे ऐसे विपरीत परिस्थिति में भी जीविका दीदी मास्क निर्माण कर आत्मनिर्भर बनेगी। मास्क उत्पादन सह विपणन केंद्र के ट्रेनर संगीता देवी ने बताया कि केन्द्र पर 10 जीविका दीदी नीतू देवी, पूनम कुमारी, बिदु देवी, बीबी भूभरा, रूपा देवी, किरण देवी, भारती कुमारी, इंदु कुमारी, किरण वर्मा, आरती कुमारी सहित अन्य मास्क निर्माण कार्य में जुटी है। इसके अलावा 12 जीविका दीदी अपने-अपने घरों से मास्क निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी की प्रत्येक दिन ढाई हजार मास्क निर्माण लक्ष्य रखा गया है। मास्क निर्माण के लिए उसकी गुणवत्ता और पैकिग तक पूरी तरह सैनिटाइज की व्यवस्था की गई है। मौके पर रेखा देवी, रानी देवी, रेखा कुमारी, एलएचएस रवि कुमार, कार्यालय सहायक सुनय कुमार झा, सामुदायिक समन्वयक कुमारी अर्चना, तुलसी कुमारी, सविता कुशवाहा, संतोष कुमार, सीएलएफ लेखापाल कंचन कुमारी, रितन कुमारी, शर्मिला देवी, सबीना खातून, चांदनी कुमारी सहित अन्य मौजूद थे।

Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार