संक्रमित शवों को नदी किनारे दफनाने पर आक्रोश

मोतिहारी। नेपाल सरकार नदी किनारे कोरोना संक्रमितों के शव दफना रही है। नेपाल से निकलने वाली नदियां रक्सौल के रास्ते भारत में प्रवेश करती हैं। इन दिनों बाढ़ के पानी के बहाव में संक्रमित शव रक्सौल में प्रवेश करने की संभावना है। पहले सीमावर्ती भारतीय लोगों ने नदी किनारे कोरोना संक्रमित लोगों का शव दफनाने और जलाने का विरोध किया। जिसके बाद अब नेपाल के लोग आक्रोशित होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए है। इसकी जानकारी स्थानीय लोगों ने दी। रक्सौल नगर परिषद क्षेत्र के पूर्व वार्ड पार्षद अशोक अग्रवाल, सुरेश चन्द्रवंशी, वीरगंज नेपाल के मधेशवादी दल के नेता सिप्पू तिवारी, हिदू परिषद नेपाल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष पटेल ने बताया कि संक्रमण का सीमा रेखा नहीं है। कोरोना संक्रमित शवों को प्रशासन सुरक्षित क्षेत्रों गाड़ने की व्यवस्था करें। नदी, तालाब औऱ चिन्हित श्मशान घाटों पर नहीं। नेपाल से निकलने वाली तिलावे, सरिसवा, बंगरी, पसाह, दुधौरा, धुताहा आदि आधा दर्जन नदियां अनुमंडल के रक्सौल, रामगढ़वा, आदापुर, छौड़ादानो आदि प्रखंडों से निकलती है। उक्त नदियां पूर्वी चंपारण के सुगौली के समीप सिकरहना और बूढ़ी गंडक में विलय करती है। कोरोना संक्रमित शव बहाव में आने की संभावना है। यहां बता दें कि एक माह पूर्व पर्सा जिला वीरगंज प्रशासन रक्सौल सीमा शुल्क कार्यालय के समीप सरिसवा नदी पर बने भारत-नेपाल मैत्री पुल के समीप नो मैंस लैंड के समीप एक बच्चा सहित तीन कोरोना संक्रमित शवों को संध्या समय दफना रहा था। जिसका विरोध स्थानीय लोगों और एसएसबी जवानों ने किया था। जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गया था। इन दिनों नेपाल प्रशासन बड़ी चालाकी से नेपाल से निकलने वाली नदियों के किनारे कोरोना संक्रमित शवों को नेपाल के सीमावर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में गुपचुप तरीके से शवों को ठिकाना लगा रही है। इसका खुलासा तब हुआ जब पर्सा जिला वीरगंज में स्थानीय लोगों ने कोरोना संक्रमित शवों को जब नेपाल प्रशासन के देख रेख में स्वास्थ्यकर्मी तिलावे नदी किनारे गाड़ रहे थे। सूचना मिलते ही देर रात्रि में ग्रामीण सड़क पर टायर जलकर विरोध प्रदर्शन करने लगें। बता दें कि नेपाल बारा और पर्सा जिला सर्वाधिक कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले है। इसके साथ ही कोरोना संक्रमण से अधिक लोगों की मृत्यु भी उक्त जिलों में हुई है।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार