अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत, भाई जख्मी

महुआ। महुआ मंगरू चौक से छतवारा आने वाली सड़क पर छतवारा स्कूल के निकट एक अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार एक युवक और उनके भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के क्रम में युवक की मौत पटना में हो गई। युवक की मौत से उसके घर में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के समसपुरा पंचायत के कुशहर खासपट्टी, खीराचक गांव के रामानंद झा के 25 वर्षीय पुत्र गंगेश कुमार झा पिछले वर्ष ही आचार्य की पढ़ाई पूरी करके आए थे। शुक्रवार को वे अपने छोटे भाई छोटू कुमार झा के साथ महुआ थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव से पूजा करा कर अपने घर रात्रि में लौट रहे थे। इसी बीच एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने छतवारा स्कूल के निकट उनकी बाइक में टक्कर मार दी। ठोकर लगने से दोनों भाई सड़क पर गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को महुआ लाया गया, जहां आचार्य गंगेश की गंभीर स्थिति को देखते हुये चिकित्सक ने पटना रेफर कर दिए। वहीं छोटू का इलाज महुआ में ही चल रहा है।

पटना में इलाज के क्रम में ही शनिवार को आचार्य गंगेश झा की मौत हो गई। गंगेश झा की मौत की खबर मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया तथा काफी संख्या में लोगों ने उनके घर पर पहुंचकर अपनी संवेदना व्यक्त की। गंगेश झा के निधन पर प्रो. गणिनाथ मिश्रा, सेवानिवृत्त शिक्षक व्रजनंन्दन मिश्रा, गजेंद्र पाठक, बलराम सिंह, विज्ञान स्वरूप सिंह, छात्र लोजपा के महुआ प्रखंड अध्यक्ष मनीष कुमार यादव आदि ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार