पटना पुलिस के हाथ लगी रिया चक्रवर्ती की लोकेशन, मुंबई पुलिस के कहने पर बदल रही थी जगह
सुशांत सिंह राजपूत की मौत को डेढ़ महीना बीत गया है। इतने दिनों बाद एक्टर के पिता केके सिंह ने बिहार पुलिस को इस केस की जिम्मेदारी सौपी और रिया चक्रवर्ती के खिलाफ और उनकी मां संध्या चक्रवर्ती, पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती और भाई शोविक चक्रवर्ती सहित करीब 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया। इस केस में बिहार पुलिस पिछले एक हफ्ते से जुड़ी हुई है। रिया के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद खबरें है कि वो अपने घर से भाग निकली हैं। पिछले कुछ दिनों से वो अपने आवास पर नहीं है। कहा ये जा रहा है कि वो तीन बार अपना ठिकाना बदल चुकी हैं।
सूत्र बताते हैं कि रिया को ठिकाना बदलने में मुंबई पुलिस उनका सहयोग कर रही है। पटना पुलिस की टीम को रिया की भनक न लगे लिहाजा उसे सेफजोन में रखा रहा है। दूसरी ओर पटना पुलिस की एसआईटी भी रिया चक्रवर्ती पर लगातार नजर रख रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो इस वक्त रिया कहां हैं इस बात की जानकारी भी एसआईटी को मिल चुकी है। जल्द ही रिया पर बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
सूत्रों की मानें तो सियासी महकमे में रिया चक्रवर्ती की अच्छी-खासी पैठ है। महाराष्ट्र के कद्दावर नेता के साथ भी रिया के अच्छे संबंध हैं। कहा यह जा रहा है कि इसी सियासी पैठ के कारण पूरी मुंबई पुलिस उसे बचाने में जुट गई है।
वहीं सोमवार को रिया चक्रवर्ती के वकील सतीश मानशिंदे ने दावा किया कि एक्ट्रेस लापता नहीं हैं और न ही उन्हें अभी तक कोई समन मिला है। शिंदे ने कहा कि रिया चक्रवर्ती का बयान मुंबई पुलिस पहले ही दर्ज कर चुकी है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि मामले की जांच का अधिकार बिहार पुलिस को नहीं है और इसलिए रिया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर मामले को मुंबई स्थानांतरित करने का आग्रह किया है। बयान में कहा गया है, 'उसे जब भी और जैसे भी कहा गया उसने पुलिस के साथ सहयोग किया है।
आपको बता दें कि एफआईआर दर्ज होने के बाद बीते शुक्रवार यानि 31 जुलाई को ही एक्ट्रेस ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें एक्ट्रेस ने खुद के बेगुनाह होने के बात कहते हुए भगवान और भारत की न्याय व्यवस्था पर विश्वास की बात कही थी। इस वीडियो में रिया कहती दिख रही हैं- 'मुझे भगवान और भारत की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। मुझे विश्वास है कि मुझे न्याय मिलेगा। सत्यमेव जयते। सच बाहर आकर रहेगा।
बता दें कि बीते दिनों रिया और सुशांत के रिश्ते के बारे में खुलासा करते हुए एक्टर के बॉडीगार्ड ने बताया कि था 'रिया चक्रवर्ती के सुशांत की जिंदगी में आने के बाद सर बिल्कुल बदल गए थे। वह अक्सर बीमार रहने लगे थे।' सुशांत के घर में होने वाली नाइट पार्टीज़ के बारे में बताते हुए बॉडीगार्ड ने कहा कि 'सुशांत अस्वस्थ और बेहोशी की हालत में नीचे कमरे में होते थे तो ऊपर पार्टी चल रही होती थी। इन पार्टीज़ में रिया, उनका परिवार और उनके दोस्त शामिल होते थे। इन पार्टीयों में खूब पैसा लुटाया जाता था, जो सिर्फ फिजूलखर्चा होता था।
Related Story