अजय देवगन ने रोमांटिक तस्वीर शेयर कर काजोल को दी जन्मदिन की बधाई

बॉलीवुड की बिंदास अभिनेत्री काजोल का आज जन्मदिन है और वह बुधवार को 46 साल की हो गई हैं। सोशल मीडिया पर उनके फैंस और दोस्त उन्हें जन्मदिन की बधाई दे रहे हैं। वहीं अभिनेत्री के पति और अभिनेता अजय देवगन ने काजोल को खास अंदाज में जन्मदिन की बधाई दी है। 51 वर्षीय अभिनेता अजय देवगन ने सोशल मीडिया पर काजोल के साथ एक रोमांटिक तस्वीर साझा की और उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। अजय देवगन ने काजोल को टैग कर ट्विटर पर तस्वीर शेयर कर लिखा-'हैप्पी रिटर्न्स ऑफ द डे, फॉरएवर एंड ऑलवेज।'

यह तस्वीर इस साल की शुरुआत में फिल्म 'तानाजी: द अनसंग वॉरियर' के प्रमोशन के दौरान की है। तस्वीर में काजोल ऑफ व्हाइट प्रिंटेड चूड़ीदार सूट में काफी खूबसूरत लग रही हैं। काजोल ने सूट के साथ मैचिंग दुपट्टे भी लिया है। वहीं अजय देवगन ब्लैक रंग के टी-शर्ट और ग्रे जीन्स में हैंडसम दिख रहे हैं। तस्वीर में काजोल और अजय को एक दूसरे की आंखों में देखकर हंसते हुए देखा जा सकता है।
काजोल और अजय देवगन की पहली मुलाकात फिल्म हलचल के सेट पर हुई थी। उसके बाद अजय देवगन और काजोल की दोस्ती प्यार में बदल गई। 1998 में फिल्म 'प्यार तो होना ही था' के बाद काजोल और अजय देवगन ने 24 जनवरी, 1999 को शादी कर ली। उनकी बेटी न्यासा का जन्म 2003 और बेटा युग का जन्म 2010 में हुआ। उन्होंने फिल्म गुंडाराज, इश्क, दिल क्या करे, राजू चाचा, प्यार तो होना ही था और तानाजी: द अनसंग वारियर जैसी कई फिल्मों में एक साथ काम किया है।
90 के दशक की टॉप अभिनेत्रियों में शामिल बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल आज भी लाखों दिलों पर राज करती हैं। उन्होंने बॉलीवुड की कई बेहतरीन फिल्मों में अभिनय किया है। बॉलीवुड में काजोल अपनी अद्भुत हंसी के लिए जानी जाती हैं। अभिनेता अजय देवगन और काजोल की जोड़ी बॉलीवुड की हिट जोड़ियों में से एक है। काजोल पिछली बार निर्देशक ओम राउत की फिल्म 'तानाजीः द अनसंग वॉरियर' में नजर आई थी। इस फिल्म में उनके साथ अजय देवगन भी थे।
हिन्दुस्थान समाचार/मोनिका शेखर

अन्य समाचार