भूमि विवाद में वृद्ध की पोल से बांधकर पिटाई, मौत

सारण। जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र के समसपुरा गांव में पुराने भूमि विवाद को लेकर बुधवार की रात्रि में हुई मारपीट में एक वृद्ध की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। इस दौरान लूटपाट की घटना को भी अंजाम दिया गया। सूचना मिलते दरियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर ली है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। सोनपुर डीएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जानकारी लिए।

जानकारी के अनुसार, समसपुरा गांव निवासी शशिभूषण सिंह व भरत सिंह के बीच पिछले दो वर्षों से भूमि विवाद चल रहा है। भरत सिंह बाहर रहते हैं। दो दिन पहले विवादित भूमि पर केला का पौधा लगाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर शशिभूषण सिंह अपने मित्र हबीरचक ग्राम निवासी 60 वर्षीय सुदर्शन सिंह को अपने घर बुलाए थे। ऐसा भरत सिंह के पुत्र ओमप्रकाश सिंह व उनके परिजनों के साथ बातचीत के लिए किए थे। रात में दोनों लोग ओम प्रकाश सिंह के घर गए। वहां भूमि विवाद को लेकर घरवालों से बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला बिगड़ गया । इसी बीच ओम प्रकाश सिंह के परिजनों ने शशि भूषण व सुदर्शन सिंह को पकड़ लिया और पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद सुदर्शन सिंह को बिजली के पोल में बांधकर बेरहमी से पिटाई की गई। बाद में उनको इलाज के लिए परसा पीएचसी ले जाया गया। वहां सुदर्शन सिंह की मौत हो गईं। मारपीट की घटना में शशिभूषण सिंह के परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। उनका इलाज चल रहा है। इस दौरान स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दरियापुर थाना अध्यक्ष अशोक कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्याकांड में मृतक के दोस्त शशिभूषण सिंह के पुत्र अरविद सिंह ने दरियापुर थाने में 32 नामजद सहित 12 अज्ञात के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है। नामजद अभियुक्तों में गांव के ही ओम प्रकाश सिंह ,शिवनाथ सिंह, नीतेश कुमार, गोलू कुमार, प्रियंका कुमारी, रेणू देवी, सत्यनारायण सिंह, सदल सिंह, देवी सिंह, रिंकी देवी, पुष्पा देवी, कुलवंती देवी ,बसंती देवी सहित 32 लोग शामिल हैं।
ट्रैक पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत यह भी पढ़ें
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार