सरकारी सुविधाओं के लिए टकटकी लगाए हैं बाढ़ पीड़ित

बछवाड़ा (बेगूसराय) : प्रखंड क्षेत्र की रुदौली, कादराबाद, भीखमचक, बछवाड़ा, गोविदपुर तीन, फतेहा, चिरंजीवीपुर, रसीदपुर समेत आठ पंचायतों में बलान नदी का पानी घरों में घुस जाने से बाढ़ पीड़ितों के समक्ष जीवन यापन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। रुदौली पंचायत के वार्ड संख्या 10 निवासी कामेश्वर झा, विकास कुमार, रामायण झा, राजन कुमार, नीलम देवी ने बताया कि पिछले 10 दिनों से बाढ़ के पानी में जिल्लत भरी जिदगी जीने को विवश हैं। जिला प्रशासन के एक भी अधिकारी पिछले 10 दिनों के अंदर बाढ़ पीड़ितों की सुधि लेने नहीं पहुंचे हैं। घरों में 3 फीट से ऊपर पानी जमा है। भूखे रहकर समय व्यतीत करना पड़ रहा है। रुदौली पंचायत के पूर्व मुखिया अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि रुदौली के निचले इलाके में बाढ़ का पानी फैल चुका है। बाढ़ पीड़ितों को अपने हाल पर छोड़ देना सरासर अन्याय है। गोविदपुर तीन पंचायत के वार्ड संख्या 7 एवं 8 निवासी मनोज यादव, जयजय राम यादव, महेंद्र चौधरी, अवधेश चौधरी आदि ने बताया कि राजापुर गांव में बलान नदी का पानी आवासीय इलाके मे फैल चुका है। बाढ़ पीड़ित कष्टप्रद जिदगी जीने को विवश हैं। एक सप्ताह पहले संबंधित हल्का के राजस्व कर्मचारी क्षेत्र का दौरा कर कुछ लोगों के नाम कागज पर दर्ज कर चले गए। आज तक बाढ़ पीड़ितों को कुछ भी उपलब्ध नहीं कराया गया है। बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि खुद तो भूखे पेट रहकर भी किसी तरह जिदगी गुजर बसर हो सकती है। चिता पशुओं को लेकर है कि आखिर पशुओं के लिए चारा कहां से उपलब्ध कराया जाए। समस्या इस बात की है कि जहां एक तरफ खेतों में 10 से 15 फीट पानी जमा है, वही आपदा प्रबंधन विभाग से अब तक कुछ भी मिलता नहीं दिख रहा है। बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि बाल- बच्चे के बीमार पड़ जाने के बाद क्षेत्र में अभी तक एक भी मेडिकल टीम नहीं भेजी गई है । गोविदपुर तीन पंचायत के मुखिया शंकर साह ने बताया कि राजापुर के वार्ड संख्या 7 एवं 8 के महादलित बस्ती पूर्ण रूप से बाढ़ की चपेट में है। महादलित परिवार अपने बाल- बच्चों समेत भूखे पेट जिदगी गुजर बसर करने को विवश हैं। यहां अभी तक एक भी अधिकारी का क्षेत्र का दौरा नहीं करना बाढ़ पूर्व सरकार की तैयारी की पोल खोल रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मेडिकल टीम स्थापित करने बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत शिविर चलाने की मांग की।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार