आधारपुर के लाल अनुराग ने किया कमाल, पीएम देंगे 20 लाख का इनाम

गढ़हरा (बेगूसराय) : बिहार हर विधाओं में अपनी शानदार उपस्थिति दर्ज कराता रहा है। उसमें बेगूसराय जिला भी किसी से कम नहीं है। हौसला अगर बुलंद हो तो मंजिल पाना मुश्किल नहीं होता है, इसे चरितार्थ कर दिखाया तेघड़ा प्रखंड अंतर्गत आधारपुर पंचायत निवासी सिविल इंजीनियर शिक्षा विभाग बेगूसराय में कार्यरत राममूर्ति सिंह के पुत्र 28 वर्षीय अनुराग कुमार ने।

सात अगस्त को स्टार्टअप इंडिया के तहत प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर भारत प्रतियोगिता जो सूचना मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आयोजित की गई थी, उसमें अनुराग द्वारा बनाए गए एप कैप्शन प्लस को मनोरंजन श्रेणी के ऑनलाइन वोटिग में सबसे अधिक वोटिग मिली एवं उनके एप को सबसे ज्यादा पसंद किया गया और वे विजेता बने। उनकी इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उन्हें 20 लाख रुपये की राशि से पुरस्कृत किया जाएगा। पारिवारिक स्थिति एवं शिक्षा दीक्षा

इस संबंध में अनुराग कुमार ने दूरभाष पर बताया कि उनके पिता राममूर्ति सिंह शिक्षा विभाग बेगूसराय में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। वे एक भाई एवं एक बहन है। उनकी प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा सेंट पॉल स्कूल बेगूसराय से हुई। इंटर की शिक्षा पटना से करने के बाद अनुराग ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से बी टेक स्नातक किया एवं आइआइटी दिल्ली से 2019 में एमबीए मार्केटिग कर दिल्ली के निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर कार्य कर रहे हैं। वे प्रधानमंत्री के स्टार्टअप इंडिया से जुड़कर भी कार्य कर रहे थे। एप बनाने की शुरुआत एवं आठ हजार एप में प्रथम हुआ कैप्शन प्लस
अनुराग बताते हैं कि 2018 में उन्होंने कैप्शन प्लस एप बनाना शुरू किया। निजी कंपनी में कार्य करते हुए समय एवं रुपये की उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए वे खाली समय में इस एप को बनाने में अपना समय देते थे। 2019 नवंबर में उन्होंने अपने कैप्शन एप को लांच किया। इस एप को बनाने में उनके यूपी निवासी दो दोस्तों का भरपूर सहयोग मिला। इसी क्रम में अनुराग ने बताया कि चाइनीज एप पर भारत सरकार द्वारा लगाए गए प्रतिबंध एवं भारतीय एप का उपयोग और युवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्टार्टअप इंडिया के तहत सूचना मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आयोजित प्रतियोगिता में आठ हजार विभिन्न श्रेणी के देसी एप शामिल किए गए। जिसमें मनोरंजन (इंटरटेनमेंट) श्रेणी में कैप्शन प्लस को प्रथम स्थान मिला। उद्देश्य एवं यूजर्स, सभी भाषाओं में उपलब्ध होगा एप
दिल्ली यूनिवर्सिटी की ओर से शिक्षा मंत्रालय में बतौर एक साल प्रतिनिधि सदस्य के रूप में रह चुके अनुराग कहते हैं कि कैप्शन एप का आगामी उद्देश्य है कि भारत के सभी राज्यों की भाषाओं में इसको विकसित करना। इसके बाद विश्व के सभी देशों के उनकी भाषा के अनुरूप यह एप उपलब्ध होगा। इस पर कार्य शुरू किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि पूरे विश्व में कैप्शन प्लस के 22 लाख यूजर्स हैं। जिसमें 10 लाख यूजर्स सिर्फ भारत के हैं। गूगल प्ले स्टोर पर कैप्शन प्लस एप अपनी श्रेणी में प्रथम स्थान पर है। डाटा सिक्योरिटी, गोपनीयता, ईज आफ यूज जैसे कई मानकों पर खड़ा उतारकर अनुराग के इस एप को पूरे भारत में नंबर वन एंटरटेनमेंट एप करार दिया गया है। पुरस्कार के रूप में 20 लाख रुपये, सर्टिफिकेट और ट्रॉफी दी जाएगी। सफलता का श्रेय एवं उपलब्धि
अनुराग अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, बहन और दोस्त को देते हैं। अनुराग का सपना है कि वो भारत को पूरी दुनिया के एप मार्केट में अग्रणी स्थान दिलाएं। इससे पहले भी अनुराग भारत सरकार के गुड गवर्नेंस आइडिया प्रतियोगिता में अव्वल आ चुके हैं। क्वालालंपुर में आयोजित ग्लोबल एंटरप्रेन्योरशिप बूट कैंप में भी पूरी दुनिया से दो सौ चुनिदा इनोवेटर्स में वो चयनित हो चुके हैं। कैप्शन प्लस एप को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू किए गए आत्मनिर्भर भारत प्रतियोगिता में शामिल किया गया और यह विजेता बना। इस एप की खासियत यह है कि यह सोशल मीडिया पर लोगों को कैप्शन बनाने में सहूलियत देती है। जो कैप्शन के लिए घंटों सोचते हैं इस एप के माध्यम से मिनटों में मिल जाता है। कैप्शन प्लस लेखकों के लिए भी एक शानदार मंच प्रदान करती है।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार