भूमि विवाद में चली गोली, एक की मौत, दो जख्मी

बक्सर : बगेन थाना क्षेत्र के धरौली गांव में भूमि विवाद में दो पक्ष के बीच गोलीबारी की घटना हुई है। इस दौरान गोली लगने से जख्मी एक व्यक्ति की इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के क्रम में मौत हो गई। जबकि, एक महिला समेत दो लोग गोली लगने से जख्मी हो गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, सूचना मिलते ही डुमरांव डीएसपी समेत कई थाना की पुलिस छापेमारी में जुटी है।

गोलीबारी में मौत की पुष्टि करते पुलिस अधीक्षक उपेन्द्रनाथ वर्मा ने बताया कि भूमि विवाद में गोलीबारी हुई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी चल रही है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। गोली लगने से गम्भीर रूप से जख्मी एक पक्ष के बड़क महतो (60 वर्ष) की इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई। जबकि, गोली लगने से बड़क महतो के पुत्र कमलेश महतो समेत एक महिला की हालत गम्भीर बनी है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि कैथी पंचायत के धरौली गांव में बलदाऊ सिंह और बड़क महतो के बीच लंबे अरसे से भूमि विवाद का मामला चल रहा है। दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार मारपीट की घटना हो चुकी है। रविवार को बच्चों के बीच आपसी विवाद में मारपीट हो गई। पहले से आपसी रंजिश के बीच बच्चों के मारपीट की घटना ने आग में घी का काम किया। दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए और एक-दूसरे पर ईंट पत्थर चलाने लगे। रोड़ेबाजी की घटना में भी कुछ लोग घायल हुए थे। इसके कुछ ही देर बाद दोनों पक्ष के लोग लाठी-डंडे और घातक हथियारों से लैस होकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। दूसरी बार हुई इस घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। इसी बीच बड़क महतो के घर से अंधाधुंध हवाई फायरिग होने लगी। इसके बाद और तनाव बढ़ गया। दूसरे पक्ष के लोग भी वहां आ धमके। फिर दोनों पक्ष से बंदूकें गरजने लगी, जिसमे गोली लगने से बड़क महतो, उनका बेटा कमलेश महतो और घर की एक महिला घायल हो गई। गोलीबारी की सूचना पाकर ब्रह्मपुर बगेन और कोरानसराय की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए रघुनाथपुर अस्पताल में भेजा गया। लेकिन, रास्ते में ही बड़क महतो की मौत हो गई। जबकि, दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि लगभग 10 बीघा जमीन को लेकर दोनों पक्ष के बीच लम्बे समय से मुकदमा चल रहा है।
तेल टैंकर से भारी मात्रा में शराब बरामद यह भी पढ़ें
तीन घंटे तक रणक्षेत्र में तब्दील रहा गांव
दोनों पक्षों के बीच पहले दो बार मारपीट हुई। जिसमें रोड़े-पत्थर और लाठी-डंडे चले। इसके बाद भी पुलिस को घटना की सूचना नहीं मिली। रुक रुक कर हिसक संघर्ष होता रहा। तीसरी बार दोनों पक्षों के बीच बंदूकें गरजने लगी। जमकर हुई फायरिग और गोलीबारी की घटना से गांव में भगदड़ मच गई और लोग अपने दरवाजों को बंद कर घरों में दुबक गए। सूत्रों ने बताया कि जांच पड़ताल के बाद पुलिस अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार