नहाने गई तीन लड़कियां गहरे पानी में डूबी

दरौंदा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव के समीप झोर चंवर के दुर्बल महतो के बागीचे में स्नान करने के क्रम में मंगलवार को तीन लड़कियां पानी में डूब गईं। ग्रामीणों ने एक के शव को पानी से ढूंढ निकाला। घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि जलालपुर गांव के पश्चिम व उमाशंकर सिंह कॉलेज के उत्तर झोर चंवर के दुर्बल महतो के बागीचे में स्नान करने 6 लड़कियां आईं। स्नान करने के दौरान करीब 12 बजे तीन लड़कियां जलालपुर दुसाध टोला के जतन मांझी की पुत्री पुष्पा कुमारी (12 वर्ष), राजदेव मांझी की पुत्री अनीशा कुमारी (11 वर्ष) व जलालपुर नोनिया टोला की जयनारायण महतो की पुत्री रीता कुमारी (11 वर्ष) गहरे पानी में डूब गईं। तीन को डूबते देख बाकी तीन लड़कियां शोर मचाने लगीं। शोर सुनकर चंवर में मछली मार रहे ग्रामीण दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों के प्रयास से एक लड़की पुष्पा कुमारी के शव को बाहर निकाला गया। जबकि अनीशा व रीता का शव अबतक नहीं मिल पाया है। सूचना मिलते ही सीओ पारसनाथ महतो व थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंच गए। सीओ ने दो शवों को ढूंढने के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया। एनडीआरएफ की टीम करीब 4.45 बजे घटनास्थल पर पहुंची। गांव में तीन लड़कियों के डूबने के बाद मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

जन्माष्टमी को लेकर स्नान कर रही थी लड़कियां
कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर लड़कियां स्नान करने चंवर में आई थीं। इस चंवर में प्रत्येक वर्ष कृष्ण जन्माष्टमी को लड़कियां स्नान करने आती हैं। यदाकदा लड़के भी स्नान करते हैं। लड़कियों को इस बात का अंदाजा नहीं था कि गहराई बहुत है। पानी का अंदाजा नहीं होने के कारण यह घटना हो गई। झोर नदी में पानी का बहाव भी तेज होने के कारण उन्हें बचने का कोई मौका नहीं मिला।

अन्य समाचार