रास्ता विवाद में चलीं लाठियां, कई लोग घायल

इस्लामपुर। गुरुवार की सुबह रास्ता विवाद को लेकर मदारगंज गांव में दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों ओर से लाठी डंडे तथा जमकर मुक्केबाजी हुई। बताया गया कि जब एक पक्ष रास्ते में मिट्टी भराई करा रहा था तो दूसरे पक्ष के लोगों ने मिट्टी भराई को गलत बताते हुए विरोध किया। फिर क्या था दोनों ही पक्षों की ओर से लाठी-डंडे निकल गए। इस मारपीट की घटना में एक पक्ष के कई लोगों को गंभीर चोटें आई जिनका इलाज इस्लामपुर पीएचसी कराया जा रहा है। वहीं दूसरे पक्ष के कुछ लोगों के घायल होने की सूचना आ रही है। इस्लामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती घायलों में कमल देव रविदास, मालती देवी व सकलदीप हैं। सभी घायल एक ही परिवार के सदस्य हैं। घायल कमल देव रविदास ने बताया कि पूर्व में भी रास्ता विवाद को लेकर कई बार मारपीट की घटना घट चुकी है। कहा कि इस बार सुनील रविदास तथा उसके बेटे सूरज रविदास घर में घुस कर मेरी पत्नी से गाली गलौज करने लगा। जब विरोध किया तो घर के लोगों के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। खुदागंज थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष की ओर से आवेदन दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार