एनएच-28 जाम कर भैसही के बाढ़ पीड़ितों ने किया हंगामा

स्थानीय प्रखंड के भैसही गांव के बाढ़ पीड़ितों ने शुक्रवार को बाढ़ राहत राशि वितरण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। लोगों का आरोप था कि भैसही गांव के दो वार्डों को बाढ़ग्रस्त घोषित नहीं किया गया है। जबकि 11 व 12 वार्ड में भी बाढ़ का पानी लोगों के घरों में घुस गया था। बावजूद उन्हें राहत राशि के रूप में मिलने वाले 6 हजार के लाभ से वंचित रखा गया है। इसको लेकर सैकड़ों बाढ़ पीड़ितों ने एनएच-28 जाम कर हंगामा करने लगे। आक्रोशित ग्रामीण जिले के वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े थे। दो दिन पूर्व भी भैसही गांव में बाढ़ पीड़ितों ने पानी के बीच खड़े होकर जमकर हंगामा व प्रदर्शन किया था। पूर्व पर्यटन मंत्री रामप्रवेश राय भी प्रदर्शन में शामिल हुए थे । सीओ पर राजद समर्थक होने का आरोप लगाए थे। उनका आरोप था कि स्थानीय अंचल प्रशासन जान बूझकर सरकार की बदनामी कराने के लिए राहत राशि के रूप में मिलने वाले 6 हजार की राशि वितरित नहीं कर रहा है। एनएच-28 जाम कर रहे लोगों को एसडीओ उपेन्द्र पाल के समझाने बुझाने पर वे शांत हुए। एसडीओ ने जांच के उपरांत राहत राशि दिए जाने का आश्वासन दिया तब जाकर जाम खत्म हुआ। मौके पर बीडीओ अजीत कुमार भी थे।

अन्य समाचार