मझवारी में भूमि विवाद में गोलीबारी, चार घायल

बक्सर : थाना क्षेत्र के मझवारी गांव में रविवार को जमीनी विवाद के चलते दो पक्ष आपस में भिड़ गए। पहले लाठी-डंडे चले, फिर एक-दूसरे के बीच दहशत पैदा करने के लिए कई राउंड गोलियां चलीं। हालांकि, घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। मारपीट के दौरान चंदन यादव, राजेश यादव, महेश यादव व शत्रुघ्न यादव जख्मी हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

इनमें से एक महेश यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया है। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही सदल-बल पहुंचे थानाध्यक्ष जुनैद आलम ने स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान दोनों पक्ष के आधा दर्जन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार लाल साहब यादव और मोती यादव के बीच काफी समय से जमीनी विवाद चला आ रहा है। इसको लेकर पहले भी दोनों पक्ष कई बार आपस में भिड़ चुके हैं। लेकिन, हर बार ग्रामीण पंचायती द्वारा मामले को सुलझा दिया जाता था। रविवार को जवाहर यादव के यहां गिट्टी लेकर जा रहा वाहन संबंधित विवादित जमीन में फंस गया और चालक को मजबूरन वहीं गिट्टी गिरानी पड़ी। फिर क्या था? दोनों पक्ष विवादित जमीन पर अपने अपने स्वामित्व को लेकर आपस में भिड़ गए। पहले लाठी-डंडे और उसके बाद दहशत पैदा करने की नीयत से कई चक्र गोलियां चलीं। यह संयोग रहा कि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। गोलीबारी के लिए दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इस मामले में जब थानाध्यक्ष जुनैद आलम से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच काफी समय से जमीनी विवाद है। आज की घटना भी उसी की देन है। फिलहाल पुछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
कोरोना काल में आन-बान और शान से जिले भर में लहराया तिरंगा यह भी पढ़ें
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार