दुकानदार की हत्या में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ एफआईआर

पचरुखी थाना क्षेत्र के जसौली गांव में दुकानदार की गोली मार हत्या मामले में मृतक की पत्नी के बयान पर बुधवार को एफआईआर दर्ज की गयी। दर्ज कराई गई एफआईआर में मृतक की पत्नी चंद्रावती देवी ने अज्ञात अपराधियों पर साजिश के तहत गोली मार हत्या करने का आरोप लगाया है। इधर पुलिस अपराधियों का सुराग हासिल करने में जुटी हुई है। ताकि अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के साथ ही हत्या के रहस्य से पर्दा उठाया जा सके। लेकिन, पुलिस को अबतक सफलता नहीं मिल सकी है। वहीं यह हत्या प्रशासन के अलावा ग्रामीणों के लिए भी किसी अबूझ पहेली से कम नही है। कारण मृतक शांत स्वभाव का इंसान था। अभी तक किसी से उसका विवाद होने की बात भी सामने नही आयी है। ऐसे में अपराधी उसे इतनी बेरहमी से आखिर मौत के घाट क्यों उतारे, यही सवाल हर किसी के मन में है। वहीं अपराधियों के बुलंद हौसले के कारण ग्रामीण अब अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों में भय का माहौल इस कदर है कि शाम होते ही लोग अपने घरों का दरवाजा बंद कर ले रहे हैं। बता दें की रविवार की रात रामस्वरूप सिंह अपने घर के दरवाजे पर सोए थे। इसी बीच देर रात अपराधियों ने गोली मार उनकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी घरवालों को सोमवार की सुबह हुई।

अन्य समाचार