बड़हरा में गंगा के कटाव से भय व दहशत में ग्रामीण

जासं,आरा: जिले के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत गंगा नदी के समीपवर्ती गांवों के समीप कटाव शुरू होने से वहां के ग्रामीण भय एवं दहशत में हैं। जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा के आदेश के आलोक में कटाव वाले स्थलों के पास शुक्रवार से बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य शुरू हो जाएगा। इसके लिए अभियंताओं की एक टीम को वहां लगाया गया है। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल आरा के कार्यपालक अभियंता मोहम्मद सईद अहमद ने कहा कि गुरुवार से कटाव को रोकने के लिए बोरी में लोकल बालू को भरने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए सहायक अभियंता सुभाष प्रसाद के नेतृत्व में टीम को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार से चिन्हित स्थलों पर बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य शुरू कर दिया जाएगा। ताकि गंगा नदी के कटाव से गांव को बचाया जा सके। कार्यपालक अभियंता ने कहा कि बड़हरा प्रखंड अंतर्गत सोहरा, हेतमपुर, मझौली एवं महुली गांव के समीप गंगा नदी का कटाव शुरू है। इस कटाव में खेती योग्य कई बीघा भूमि गंगा नदी में विलीन हो गई है। कई गांव गंगा नदी के अति निकट आ गए हैं, जिस पर कभी भी कटाव का कहर बरप सकता है और गांव गंगा नदी के गर्भ में समा सकते हैं। वहीं दूसरी ओर जिलाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता को कटाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव दिया है। साथ ही इस संदर्भ में बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल विभाग के उच्चाधिकारियों से भी बात कर कटाव निरोधी कार्य शुरू कराने का आग्रह किया है। जिलाधिकारी के पहल एवं हस्तक्षेप के बाद बुधवार को बाढ़ नियंत्रण अंचल के अधीक्षण अभियंता के नेतृत्व में अभियंताओं की टीम संध्या समय कटाव वाले स्थलों का निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन किया। अधीक्षण अभियंता संजय कुमार श्रीवास्तव ने इस संबंध में कार्यपालक अभियंता को आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव दिया है। अभियंताओं की टीम ने सोहरा, हेतमपुर, मझौली और महुली गांव के समीप हो रहे गंगा नदी के कटाव का मुआयना कर जरूरी दिशा- निर्देश जारी किया है।

बड़हरा प्रखंड के निचले इलाकों में पहुंचा बाढ़ का पानी यह भी पढ़ें
----
गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि की रफ्तार थमी
आरा: पिछले तीन दिनों से गंगा नदी के जलस्तर में जारी वृद्धि की रफ्तार बीते बुधवार को सुबह से ही थम गई है। शुक्रवार को भी जलस्तर स्थिर रहा। बड़हरा में गंगा नदी का जलस्तर 52.42 मीटर दर्ज किया गया है। इसकी जानकारी बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल आरा के सहायक अभियंता राजेश रंजन कुमार ने यहां दी। उन्होंने कहा कि जिले में अभी बाढ़ के हालात नहीं हैं और गंगा नदी का जलस्तर स्थिर हो गया है। शुक्रवार से जलस्तर घटने की संभावना है। उन्होंने कहा कि बक्सर, बनारस और इलाहाबाद में जलस्तर में कमी आई है।
---
सोन नदी में के जलस्तर में वृद्धि
आरा: मध्य प्रदेश के बाणसागर से इंद्रपुरी बराज के लिए 1.80 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण शुक्रवार से सोन नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल आरा के कार्यपालक अभियंता मोहम्मद सईद अहमद के रिपोर्ट के बाद जिलाधिकारी ने नदी के तटीय इलाके के गांव को अलर्ट रहने का आदेश अंचलाधिकारी के माध्यम से जारी किया है। हालांकि सोन नदी में 11 लाख क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज पूर्व में हो चुका है। लिहाजा बाणसागर से छोड़े गए इस पानी का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। बावजूद एहतियात के तौर पर विभाग ने इसकी सूचना जिलाधिकारी को भेजी है।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार