गुठनी में महिला के साथ उसकी बेटी की झूलती मिली लाश

गुठनी थाना क्षेत्र के डरैला गांव में बुधवार की देर शाम घर के अंदर कमरे में विवाहिता व मासूम की झूलती हुई लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के संबंध में बताया जाता है कि डरैला गांव निवासी भारतेंदु कुशवाहा की पत्नी अंकिता देवी(25) व उसकी दो वर्षीय मासूम बेटी छवि कुमारी का शव कमरे के अंदर लगे बांस में फंदे में लटकता हुआ मिला। इसकी जानकारी मिलते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गयी। मृतका के मायके वालों ने ससुराल वालों पर दोनों की हत्या का आरोप लगाया है। इस संबंध में मृतका के भाई विपिन कुशवाहा व पिता सर्वजीत कुशवाह ने मौके पर पहुंच पुलिस को सूचना दी। पुलिस को बताया कि बुधवार की सुबह अंकिता के परिवार वाले किसी बात को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे। इसकी सूचना उसने फोन पर दी थी। पिता ने बताया कि उन्होंने अपने रिश्तेदार रघुनाथपुर गांव निवासी रामजी कुशवाहा को उसके घर भेजा। जैसे ही वह घर पहुंचे तो देखा कि घर के अंदर कोई नहीं है। तब उन्होंने इसकी सूचना मृतका के पिता और भाई को दी। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि दोनों के शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असल कारणों का पता चल सकेगा। जबकि दोनों की मौत के बाद पूरे परिवार के सदस्य घर छोड़कर फरार है। इस संबंध में मृतका के मायके पक्ष का कहना था कि उसकी शादी पांच वर्ष पूर्व हिंदू रीति रिवाज से हुई थी। पिछले कुछ दिनों से उसके परिवार में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा था। दोनों परिवार वाले और आसपास के लोग मिलकर इस मामले के समाधान में जुटे हुए थे। अचानक ऐसी घटना घटेगी इसका कोई अंदाजा नहीं चल पाया।

फांसी पर लटक रही महिला को पुलिस ने उतारा
भगवानपुर हाट। थाना क्षेत्र के सहसरांव गांव में बुधवार को 45 वर्षीया विवाहिता महिला ने पारिवारिक कलह में फांसी लगा खुदकुशी करने की कोशिश की। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस से उसे फांसी के फंदे से उतारा। इसके बाद तत्काल इलाज के लिए भगवानपुर सीएचसी में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है। खुदकुशी करने का प्रयास करने वाली महिला भोला महतो की पत्नी कविता देवी है। वह दो बच्चों की मां है। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी हुई है।

अन्य समाचार