बिहार विधानसभा चुनाव 2020 को लेकर भाजपा की गतिविधियां तेज, सांसदों से चुनावी फीडबैक लेंगे नड्डा

बिहार चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी गतिविधियां और तेज कर दी है। प्रदेश से लेकर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने बिहार पर पूरा फोकस कर दिया है। इसी क्रम में आगामी 29 अगस्त को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा बिहार के सांसदों से वर्चुअल बैठक करेंगे। भाजपा अध्यक्ष पहले 29 अगस्त को ही बिहार आने वाले थे। 30 को वे पटना के किसी बूथ पर पीएम के मन की बात सुनने वाले थे। लेकिन बिहार में जारी लॉकडाउन के कारण उन्होंने अपना बिहार दौरा स्थगित कर दिया। अब 6 सितंबर के बाद  भाजपा अध्यक्ष कभी भी बिहार आ सकते हैं जिसकी तिथि जल्द तय हो जाएगी।  बिहार दौरा के पहले भाजपा अध्यक्ष पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल हो चुके हैं। यह बहुत कम देखने को मिला है कि भाजपा की राज्य समिति की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष शामिल हों। बिहार चुनाव को देखते हुए भाजपा अध्यक्ष परंपरा से हटकर प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल हुए। इसी कड़ी में अब 29 अगस्त को भाजपा अध्यक्ष बिहार के सांसदों से बात करेंगे। मोदी सरकार में शामिल सभी केंद्रीय मंत्री मसलन  रविशंकर प्रसाद, गिरिराज सिंह, आरके सिंह, नित्यानंद राय व अश्विनी चौबे के साथ ही बिहार से पार्टी के सभी लोकसभा व राज्यसभा सांसदों से भाजपा अध्यक्ष मुखातिब होंगे। माना जा रहा है कि चुनाव से पहले भाजपा अध्यक्ष पार्टी की जमीनी हकीकत और टिकट व सीट बंटवारे में सांसदों से राय जानेंगे। उसके बाद एनडीए में होने वाले सीट बंटवारे में इन रायों को भी तवज्जो दिया जायेगा। वहीं दूसरी ओर भाजपा अध्यक्ष के अलावा सितंबर में बिहार भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव और बिहार चुनाव की कमान संभालने जा रहे हैं महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित पार्टी के कई केंद्रीय नेता भी बिहार दौरा पर आने वाले हैं जिसकी तिथि जल्द ही तय होगी।   

अन्य समाचार