ऐतिहासिक व धार्मिक मान्यता वाले पंचो सिंह पोखर की युवाओं ने की सफाई

गढ़पुरा (बेगूसराय) : ऐतिहासिक एवं धार्मिक रूप से प्रसिद्ध गढ़पुरा के पंचो सिंह पोखर की दुर्दशा को देख ग्रामीण युवकों ने बुधवार को सफाई कार्य शुरू किया। गढ़पुरा गांव के धार्मिक कार्यों जैसे छठ महापर्व तथा शादी, उपनयन एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में इस तालाब का बहुत बड़ा महत्व है। छठ में इस तालाब के मुहाने पर करीब एक दशक से भगवान भास्कर की प्रतिमा स्थापित कर यहां युवा प्रत्येक वर्ष धूमधाम से पूजा- अर्चना करते आ रहे हैं। पोखर का व्यवस्थित रूप नहीं होने के यहां गंदगी का अंबार लगा रहता है। इसके कारण तालाब से अब बदबू भी आने लगी है। सफाई कर रहे युवाओं ने बताया कि इस पोखर में आसपास के कुछ दुकानदार कचरा फेंकते हैं। मालूम हो कि पंचो सिंह पोखर के जीर्णोद्धार के नाम पर लाखों रुपये सरकारी मद के खर्च हुए हैं। जिसमें पंचायत निधि, मनरेगा एवं विधायक निधि के खर्च शामिल हैं। इतने खर्च होने के बावजूद इस तालाब की दशा बद से बदतर होती गई। इस तालाब को सरकारी स्तर से देखने वाला कोई नहीं है जबकि इसका अपना एक राजनीतिक- धार्मिक इतिहास रहा है। ऐसे धरोहर की हिफाजत करना ग्रामीण युवाओं का कर्तव्य बन गया है। इस पुनीत कार्य में चंदन कुमार, विकास कुमार सिघानिया, दीपांशु कुमार, हर्षवर्धन सिंह उर्फ बागले, शंभू साहनी, हरे राम साहनी सहित कई अन्य लोग शामिल थे।

जिले में पांच हजार के पार पहुंचा कोरोना संक्रमितों की संख्या यह भी पढ़ें
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार