बड़हरिया प्रमुख को लेकर दो खेमे में बंटी एनडीए

जिले के सबसे बड़े प्रखंड बड़हरिया में प्रखंड प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के बाद एनडीए दो खेमे में बंट गई है। इसे लेकर प्रखंड में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष प्रमुख रीता देवी ने सोमवार को अविश्वास प्रस्ताव आने के बाद बड़हरिया के जदयू विधायक श्याम बहादुर सिंह पर निशाना साधते हुए विपक्षी खेमे को सहयोग का आरोप लगाया था। वहीं मंगलवार को प्रमुख प्रमुख रीता देवी के खेमे का समर्थन कर रहे भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री अनुरंजन मिश्र ने कहा कि बड़हरिया प्रमुख रीता देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर जदयू विधायक भाजपा कार्यकर्ताओं की पीठ में छुरा घोंप रहे है। विधायक अल्पसंख्यक वोटरों को रिझाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। भाजपा नेता ने कहा कि जीत रीता देवी की ही होगी। वहीं विपक्षी खेमे का नेतृत्व कर रहे जदयू नेता अमीरुल्लाह सैफी ने कहा कि इसमें विधायक की कोई भूमिका नहीं है। यह तो प्रमुख के पद के लिए पक्ष व विपक्ष की बात है। इसमें विधायक को घसीटना उचित नहीं है। हालांकि प्रमुख पर अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। दोनों खेमा अपने पक्ष में सदस्यों को एकजुट करने के प्रयास में जुट गया है। हालांकि विधानसभा चुनाव को देखते हुए सबकी नजरें इस महत्वपूर्ण घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।

अन्य समाचार