मुहर्रम को लेकर पुलिस सतर्क गांवों में की जा रही बैठक

कटिहार। बलरामपुर प्रखंड में मुहर्रम को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सजग है। प्रखंड क्षेत्र में पुलिस मुहर्रम पर्व को लेकर सतर्कता बरतते हुए गांव गांव जाकर जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रही है। थानाध्यक्ष रूपक रंजन सिंह के नेतृत्व में पुलिस थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों के साथ बैठक कर मुहर्रम में जुलूस नहीं निकालने को लेकर लोगों को जागरूक कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सरकार द्वारा जारी निर्देश का अनुपालन के लिए पुलिस जनप्रतिनिधियों सहित आम लोगों को जागरूक कर रही है। अबकी बार मुहर्रम में ताजिया जुलूस नहीं निकला जाएगा। पहलाम के लिए तीन से चार लोग बिना ढोल नगाड़े के साथ कर्बला जा सकते हैं। कर्बला में किसी भी प्रकार का मेला या भीड़ वर्जित रहेगा। इसी क्रम में पुलिस प्रशासन द्वारा थाना क्षेत्र के बागडोगरा, किरोरा, श्रीरामपुर, आदमपुर, सियालपारा, बैजपुरा सहित कई जगहों पर बैठक कर लोगों को जागरुक किया। मौके पर जिला पार्षद संजीव मिश्रा, मुखिया प्रतिनिधि नसीब आलम, पैक्स अध्यक्ष अंसार आलम, पूर्व मुखिया मु सनाउल्लाह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

अन्य समाचार