महाराजगंज नपं अध्यक्ष व इओ के बीच हाथापाई

नगर पंचायत की अध्यक्ष मंजू देवी व नगर पंचायत के इओ अरविंद कुमार सिंह के बीच शुक्रवार को तीखी झड़प के साथ हाथापाई हो गई। दोनों के बीच हुई हाथापाई के बाद कार्यालय में अफरातफरी का माहौल बन गया। दोनों ने एक दूसरे पर कई गम्भीर आरोप लगाया। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन दिया। नपं अध्यक्ष मंजू देवी ने आवेदन में कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में नल जल योजना और गली नाली योजना का उद्घाटन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से मुख्यमंत्री द्वारा किया जाना था। इसे लेकर वह कार्यालय पहुंची थी। उनके कार्यालय पहुंचने पर इओ अपने कर्मी के साथ कार्यालय से निकल गए। जब वे लौटे तो उन्होंने पूछा कि वे कहां गए थे। यह सुनते ही इओ उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। अभद्र भाषा का प्रयोग करने से मना करने पर उनके साथ हाथापाई की गई। इओ के साथ उनका एक कर्मी भी शामिल था। जब अध्यक्ष ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी तो वे पहुंचे और उन्हें किसी तरह बचाया। इधर इओ अरविंद कुमार सिंह ने अपने दिए आवेदन में कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष दबंग है। वे हमेशा उनसे गलत काम करने का दबाव बनाती है। नगर पंचायत अध्यक्ष के भैसुर व देवर ने उनके साथ बदसलूकी करते हुए उनके एक कर्मी की मोबाइल भी छीन ली। उन्होंने अपने और अपने कर्मियों के जानमाल की रक्षा की गुहार लगाई है। इधर थानेदार दयानन्द सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष से आवेदन प्राप्त हुआ है। एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।

क्या कहती हैं नगर पंचायत अध्यक्ष
नगर पंचायत अध्यक्ष मंजू देवी ने कहा कि इओ और उनके एक कर्मी ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उनके साथ धक्कामुक्की की है। इओ अपनी मनमानी करते हुए धमकी देते रहते हैं।
क्या कहते हैं पदाधिकारी
इओ अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि अध्यक्ष दबंग परिवार से आती हैं। उनके परिवार वाले लोग हमेशा उनसे गलत कराने की कोशिश करते रहे हैं। उनपर लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत है।

अन्य समाचार