पहली बार बिना ताजिया रखे ही मनाया जाएगा मुहर्रम

दाउदनगर (औरंगाबाद) : कोविड-19 के कारण पहली बार ऐसा हो रहा है कि मोहर्रम का पर्व बिना ताजिया का मनाया जा रहा है। अल्पसंख्यक समुदाय द्वारा चौकों पर ताजिया नहीं रखा जाएगा। प्रशासन द्वारा ताजिया रखने एवं जुलूस निकालने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है ताकि कोरोना के संक्रमण का फैलाव न हो सके। इसके बाद यह तय हो गया है कि अनुमंडल के तमाम चौकों पर ताजिया नहीं रखा जाएगा। अल्पसंख्यक समुदाय बड़े उत्साह से ताजिया का निर्माण करता था। इस बार ताजिया नहीं बनाया जा रहा है, बल्कि सिर्फ चौकों को सजाया जा रहा है। परंपरागत तरीके से वहां इबादत की जाएगी एवं जो आवश्यक परंपरा है उसका निर्वहन कोविड-19 के नियमों को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। अनुमंडल प्रशासन के अनुसार दाउदनगर अनुमंडल में कुल 153 स्थानों पर ताजिया रखे जाते रहे हैं। बताया गया कि किसी चौक पर 24 अगस्त को तो किसी पर 27 अगस्त को इमामबाड़ा से मिट्टी लाकर रखी गई। छोटी चौकी बनाई जा रही है। खींचड़ा का रस्म पूरा किया जा रहा है। ताजियादारी नहीं होगी। गोल निकलता था पूर्व में वह भी इस बार नहीं निकाला जाएगा। हालांकि तमाम चौक सजाए जा रहे हैं।


शांतिपूर्वक मुहर्रम मनाने की अपील
एसडीएम कुमारी अनुपम सिंह एवं एसडीपीओ राजकुमार तिवारी ने अपील की है कि मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्वक एवं भाईचारा के बीच मनाएं। अल्पसंख्यक समुदायों से उन्होंने कहा कि कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए सामाजिक दूरी बनाकर, आवश्यक रूप से मास्क लगाकर आवश्यक परंपराओं का निर्वहन करें। किसी भी परिस्थिति में मास्क अवश्य लगाएं। भीड़ कतई न लगाएं। आपसी भाईचारे की एवं सौहार्द का संदेश देते हुए मोहर्रम का पर्व मनाएं।
आठ थाना क्षेत्रों में 153 मुहर्रम चौक
अनुमंडल के आठ थाना क्षेत्रों में कुल 153 स्थानों पर मोहर्रम का ताजिया रखा जाता रहा है। जहां इस बार ताजिया नहीं रखा जाना है। दाउदनगर थाना में 31 स्थानों पर ताजिया रखा जाता रहा है, जहां इस बार सन्नाटा रहेगा। इसी तरह ओबरा में 36, खुदवां में 05, हसपुरा में 37, देवकुंड में 03, उपहारा में 10, गोह में 21 एवं बंदेया थाना में 10 स्थानों पर ताजिया रखा जाता रहा है, जहां इस बार ताजिया नहीं रखा जाएगा।
Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार