24 घंटे में गंगा के जलस्तर में महज 8 सेमी की वृद्धि

बक्सर : विगत एक सप्ताह से लगातार तेजी से बढ़ रहे गंगा के जलस्तर पर अचानक विराम लग गया है। इस बीच जलस्तर में वृद्धि तो हो रही है पर बढ़ने की रफ्तार दो सेंमी प्रति घंटा से घटकर चार घंटे में एक सेंमी की रह गई है। जलस्तर में कमी आने की खबर से ग्रामीणों के साथ ही प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है।

पिछले एक सप्ताह से गंगा का जलस्तर लगातार दो सेंमी प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा था। रफ्तार को देखते हुए यही प्रतीत हो रहा था कि निश्चित तौर पर जिले को बाढ़ की त्रासदी झेलनी पड़ेगी। इसके साथ ही बक्सर में चेतावनी बिदु 59.32 मीटर के बिल्कुल करीब जलस्तर पहुंच चुका था। पर रविवार की सुबह से अचानक रफ्तार में भारी कमी आनी शुरू हो गई। रविवार को दिन में सात घंटे के अंदर महज दो सेंमी की वृद्धि दर्ज की गई थी। जबकि सोमवार को पिछले 24 घंटों के अंदर महज 8 सेंमी की वृद्धि दर्ज की गई है। इसकी जानकारी देते हुए केंद्रीय जल आयोग के कनीय अभियंता कन्हैया कुमार ने बताया कि रविवार को अपराह्न तीन बजे 58.38 मीटर जलस्तर के बाद आज अपराह्न तीन बजे 58.46 मीटर दर्ज किया गया है। जबकि सुबह आठ बजे जलस्तर 58.44 मीटर दर्ज किया गया था। इस प्रकार आंकड़े बताते हैं कि चार घंटा में एक सेंमी की रफ्तार से गंगा के जलस्तर में अभी वृद्धि जारी है। हालांकि, इस बीच वाराणसी और इलाहाबाद दोनों स्थानों पर जलस्तर में कमी आने की सूचना के बाद यह उम्मीद हो चली है कि थोड़ी और जलस्तर में वृद्धि होने के बाद अब बक्सर में भी जलस्तर में कमी आनी शुरू हो जाएगी। इससे अनुमान किया जा रहा है कि अब जिले में बाढ़ आने की संभावना नहीं दिखाई दे रही है। इधर जलस्तर की रफ्तार थमने के बाद ग्रामीणों से लेकर जिला प्रशासन ने भी राहत की सांस लेनी शुरू कर दी है।

Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार