डीपीओ ने व्हील चेयर के साथ एचएम की मांगी तस्वीर

डीपीओ ने व्हील चेयर के साथ एचएम की मांगी तस्वीर

विस चुनाव की कवायद शुरू, बुनियादी सुविधाओं से लैस किये जा रहे स्कूल
संपर्क पथ, रैम्प, पेयजल, बिजली, शौचालय की सुविधा दुरुस्त करने का आदेश
छपरा। हिंदुस्तान प्रतिनिधि
आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी जिलास्तर पर अभी से शुरू कर दी गई है। समग्र शिक्षा डीपीओ ने माध्यमिक विद्यालयों में खरीदे गए व्हील चेयर के साथ एचएम की तस्वीर मांगी है। समेकित रिपोर्ट डीएम को भेजना है। मालूम हो कि चुनावों में दिव्यांग लोगों को भी मताधिकार का प्रयोग आसानी से करने को लेकर जिले के अधिकांश हाई स्कूलों को व्हील चेयर दिया गया है। स्कूलों ने विकास मद से व्हील चेयर की खरीद की है। इसका उपयोग बूथ को दिव्यांग फ्रेंडली बनाने के लिए किया जाएगा। दिव्यांग को मतदान केन्द्र तक रैम्प के माध्यम से पहुंचने के लिए इन व्हील चेयर का उपयोग किया जाएगा। जिससे दिव्यांगों को कोई परेशानी नहीं होगी। व्हील चेयर रहने से दिव्यांग जन अन्य मूलभूत सुविधाओं का आसानी से उपयोग कर सकेंगे।
बुनियादी सुविधाओ से लैस होंगे बूथ वाले स्कूल
चुनाव में मतदान के लिए स्कूलों को बूथ बनाया जाता है। लिहाजा जिले में बूथ बने स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर अभी से प्रशासनिक कवायद शुरू हो गई है। पिछले लोकसभा चुनाव में बूथ बने स्कूलों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थी। कई स्कूलों को आदर्श बूथ बनाया गया था। खासकर ग्रामीण इलाकों के बूथ बने स्कूलों में मतदान के समय वोटरों को कोई कठिनाई नहीं हो। इसके लिए उन्हें कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। बूथ बने स्कूलों को ग्रामीण सम्पर्क पथ, रैम्प, बिजली, महिला व पुरूषों के लिए अलग-अलग शौचालय, पेयजल की सुविधा, व्हील चेयर आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पिछले साल के चुनावों में अधिकांश हाई स्कूलों को बिजली की सुविधा मुहैया करा दी गई है। कुछ प्राइमरी स्कूलों में बिजली का कनेक्शन तो दिया गया पर वहां तकनीकी खराबी से पंखे आदि नहीं चल रहे हैं।

अन्य समाचार