नौतन में महिला की हत्या कर शव को फेंका

नौतन थाना क्षेत्र के मुरारपटी पंचायत के सिसवां गांव की एक महिला की हत्या कर उसके शव को फेंक दिया गया। बुधवार की सुबह जगदीशपुर गांव के समीप सती स्थान पोखरे के पानी में शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पोखरे की तरफ गये लोगों ने शव को पानी में मुंह के बल उपलाता देखा। धीरे-धीरे यह बात पूरे क्षेत्र में फैल गई और देखते ही देखते वहां सैकड़ों लोग इकट्ठे हो गए। इसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। वहीं सूचना मिलने के डेढ़ घंटे बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए सीवान भेज दिया। इसी बीच एक बाइक पर सवार दो युवक व एक वृद्ध व्यक्ति वहां पहुंच शव को देखा। एक युवक ने बताया कि मृत महिला उसकी बहन है। वहीं वृद्ध व्यक्ति बलवां गांव निवासी शिववचन चौधरी ने बताया कि उनकी पुत्री रंजू देवी है। जिसकी शादी 2003 में सिसवां गांव निवासी स्व. नंदजी यादव के पुत्र पप्पू यादव से हुई थी। उनकी पुत्री को कोई संतान नहीं थी। इसलिए उसके ससुराल में उसको सम्मान नहीं मिलता था। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री को 2007 में मस्तिष्क ज्वर हुआ था तो उन्होंने ही उसका इलाज गोरखपुर में कराया था। इसके बाद 2009 में पप्पू यादव ने दूसरी शादी कर ली। तभी से परिवार में अशांति बनी हुई थी। कहा कि उनकी पुत्री मायके में ही रहती थी। 22 दिन पूर्व वह अपने ससुराल आई थी। बीच में फोन करके मायके जाने के लिए कह रही थी। पिता ने अपनी पुत्री की हत्या करने की आशंका जताई है। वहीं मृत महिला के ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि 2007 में जब महिला की तबीयत विशेष तौर से खराब हुई थी, तभी से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। बहराल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

दो थानों के चक्कर में महिला का सड़ रहा शव
शर्मनाक
महिला का शव मिलने से फैली सनसनी
दोनों थाने की पुलिस ने नहीं लिया संज्ञान
तरवारा। एक संवाददाता
जीबीनगर थाना क्षेत्र के जंगलविलास व सैदपुरा गांव के चंवर में एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी। दो थानों के क्षेत्राधिकार को लेकर सैदपुरा व जंगलविलास गांव के बीच स्थित चंवर में बीते 10 दिनों से एक महिला का शव सड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि एक महिला की सिरकटी लाश चंवर में दस दिन पूर्व मछली मारने गए मल्लाहों ने देखा। इसकी सूचना के बाद चंवर में लोगों की भारी भीड़ इकट्ठी हो गयी। लोगों ने इसकी सूचना गोरेयाकोठी व जीबीनगर थाने को दी। घटना की सूचना मिलते ही दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गयी। इसके बाद क्षेत्राधिकार के विवाद को लेकर दोनों थाने की पुलिस में ठन गयी। क्षेत्राधिकार के विवाद को लेकर दोनों थाने की पुलिस शव को चंवर में छोड़कर चली गयी। दस दिनों से पानी में शव रहने से बुरी तरह से सड़ गया है। मछलियों व जानवरों के खा जाने से शव की पहचान करना मुश्किल हो गया है। दो थानों के क्षेत्राधिकार को लेकर सैदपुरा व जंगलविलास के बीच स्थित चंवर में महिला का नर कंकाल पड़ा हुआ है। लोगों की शिकायत के बावजूद पुलिस प्रशासन अब तक संज्ञान नहीं ले रहा है। इससे महामारी फैलने की संभावना बनी हुई है। शव को चंवर में देख मल्लाहों ने मछली मारना भी बंद कर दिया है। इस संबंध में इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि चंवर गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र में पड़ता है।

अन्य समाचार