काम करने राजस्थान जा रही सास-बहू की दुर्घटना में मौत

शेखपुरा। काम करने के लिए राजस्थान जा रही सास-बहू की दुर्घटना में मौत हो गई। सास-चमेली देवी (40) तथा बहू रीना देवी (20) शेखपुरा जिला के अरियरी थाना के एफनी पंचायत के धनकौल गांव की थी। शनिवार की रात यूपी के प्रतापगढ़ जिला के हथीगंवा थाना के शुकुलपुर गांव के पास यह दुर्घटना हुई। स्थानीय जानकारी में एफनी के सामाजिक कार्यकर्ता राजीव रंजन उर्फ गुरु जी ने बताया शुक्रवार को ही समूचा परिवार गांव से गया था।

चमेली देवी हरकित मांझी की पत्नी तथा रीना देवी बहू है। बताया गया नवादा जिला के काशीचक के एक लेबर ठेकेदार के माध्यम से हरकित मांझी का समूचा परिवार काम करने के लिए राजस्थान जा रहा था। बस में हरकित मांझी तथा उसका पुत्र विपिन मांझी के साथ पत्नी तथा बहू भी साथ थे। मृतका रीना देवी के तीन बच्चे भी साथ थे। जिनकी आयु 4 साल से 6 महीने की है। इसी बस पर धनकौल के लगभग एक दर्जन महिला-पुरुष मजदूर सवार थे। ये सभी राजस्थान में ईंट भट्ठा पर काम करते थे। लॉकडाउन में ये लोग जून में घर लौट आये थे। अब ठेकेदार के माध्यम से वापस काम पर जा रहे थे। बताया गया शनिवार की रात मजदूरों से भरी बस यूपी में राष्ट्रीय उच्च पथ पर रुकी। इसी में दोनों सास-बहू (चमेली तथा रीना) पेशाव करने उतरे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक ट्रैक्टर ट्राली ने सास-बहू को कुचल दिया। इसमें मौके पर ही दोनों सास-बहू की मौत हो गई। यहां मृतक के घर पर परिवार का कोई दूसरा सदस्य नहीं है। हरकित के एक और पुत्र है मगर वह कई वर्षों से अपने ससुराल में रहता है।

Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार