सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत

भगवानपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर-सोन्धानी सड़क पर बुधवार को भगवानपुर में हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक सोन्धानी गांव के शम्भूनाथ साह का पैंतीस वर्षीय पुत्र दिलीप कुमार गुप्ता था। युवक अपने घर सोन्धानी से बाइक से भगवानपुर आ रहा था, तभी रास्ते में अनियंत्रित होकर बाइक से गिर गम्भीर रूप से घायल हो गया। उसे सड़क पर गम्भीर रूप से घायलावस्था में पड़ा हुआ देख आसपास के लोगों ने उसे तत्काल भगवानपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन, सीवान ले जाते समय थोड़ी ही दूर जाने के बाद रास्ते में उसकी मौत हो गई। मौत की खबर के बाद गांव में मातम पसर गया। उसके दरवाजे पर लोगों की भीड़ लग गई। परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। आसपास की महिलाएं मृतक की पत्नी लालती देवी, मां मीना देवी व अन्य परिजनों को सांत्वना देने में जुटी थी। वह दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई राजेश कुमार है। मृतक को बारह वर्ष का एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। मौत की खबर सुन ललन गुप्ता, रामदर्शन पंडित, असेशर राय व अन्य ग्रामीण मृतक के पिता शम्भूनाथ साह व उसके बच्चों को ढांढस बंधाने व सांत्वना देने जुटे थे।

अन्य समाचार