ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला की मौत

सीवान-पैगम्बरपुर पथ में दरौंदा के रगड़गंज के समीप बुधवार को अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक महिला की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। महिला अपने गांव खेदूछपरा से पचरुखी जा रही थी। तभी रगड़गंज के समीप महाराजगंज की तरफ से तेज गति से आ रही ट्रैक्टर ने महिला को कुचल दिया। जिसमें महिला का सिर पूरी तरह से कुचल गया। मृतका खेदूछपरा गांव निवासी लालू राय की 28 वर्षीय पत्नी संगीता देवी थी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को बंधक बना लिया है। ट्रैक्टर चालक महाराजगंज थाना क्षेत्र के देवरिया गांव निवासी साहू साह है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सीवान-पैगंबरपुर पथ को रगड़गंज के समीप जाम कर दिया, जिससे घंटों आवागमन बाधित रहा। गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। घटना की सूचना पाकर दरौंदा थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह व एसआई ललित कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को शांत कराने व सड़क पर लगे जाम को हटाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित लोग प्रशासन से मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। काफी मशक्कत के बाद चार घंटे बाद जाम को हटाया जा सका। इधर घटना की सूचना पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सीवान भेज दिया है।

अन्य समाचार