मदारपुर केवाड़ा पुल पर महिला का मिला शव

ओपी क्षेत्र के मदारपुर केवाड़ा पुल के पास रविवार की अहले सुबह अज्ञात महिला का शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। अर्धनग्न अवस्था में महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच छानबीन शुरू कर दी। महिला की पहचान नहीं होने पर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सीवान भेज दिया गया। ऐसी आशंका व्यक्त की जा रही है कि मृत महिला की कहीं अन्यत्र हत्या कर अपराधियों ने उसे मदारपुर नहर पुल पर फेंक दिया। इसके बाद दुर्घटना का रूप देने के लिए उसके सिर को बुरी तरह कुचल दिया है।

क्षेत्र में कयास लगाया जा रहा है कि महिला के साथ रेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई होगी। हालांकि महिला की पहचान नहीं होने व घटना के सही कारणों का पता नहीं चलने की वजह से लोगों में विभिन्न तरह की चर्चा हो रही है। पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान के लिए हर संभव कार्रवाई की जा रही है। घटना के सही कारणों के लिए मृत महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की सही वजह का पता चल पाएगा।
क्या कहते हैं एसडीपीओ
एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने कहा कि महिला की पहचान नहीं हो पाई है। क्षेत्र के सभी थानों में मिसिंग की पड़ताल की जा रही है। अन्य माध्यमों से भी महिला की पहचान के लिए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस विभिन्न एंगल से गहराई से छानबीन में जुटी है।

अन्य समाचार