जहानाबाद से था रघुवंश बाबू का गहरा लगाव

जहानाबाद: पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ रघुवंश प्रसाद सिंह का जहानाबाद से भी गहरा लगाव था। केंद्रीय मंत्री के रूप में जिले को बहुत कुछ दिया। जब कभी दक्षिण बिहार या झारखंड की ओर जहानाबाद के रास्ते जाते तो ताज रेस्ट हाउस में रूककर यहां के लोगों से मिलते थे। शायद ही कभी इस रास्ते से वे गुजरे होंगे और यहां नहीं रूके होंगे। चाहे मखदुमपुर प्रखंड के मखपा में पूर्व मंत्री शकील अहमद खान की पुण्यतिथि में भाग लेना हो या फिर किजर के महिला फुटबॉल मैच के साथ ही देहुनी के कवि सम्मेलन में उनकी याद लोगों के जेहन में रहेगा। पूर्व मुखिया व सैनिक प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष कामता प्रसाद अरवल जिला फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव राजीव रंजन तथा रेस्ट हाउस के संचालक मो तारिक उनके सेवा में लगे रहते थे। एक बार की घटना है कि वे रांची में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद से मिलने जा रहे थे। वहां जाने के क्रम में कोहरा छा गया था। रात में यहीं रूक गए। जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में भी प्रचार प्रसार के लिए वे यहां आए थे। रघुवंश बाबू लोहियावादी नेता माने जाते थे। वे बड़े पद पर भले ही गए लेकिन नीचे के लोगों को भी कभी भूल नहीं पाए। उनके निधन से यहां के लोग मर्माहत हैं। उनलोगों का कहना है कि वे भले ही हमलोगों के बीच से चले गए हैं लेकिन उनके द्वारा जो सम्मान दिया गया है वह हमेशा याद आएगा।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार