920 बूथ बढ़े, सभी 249 सेक्टर पदाधिकारियों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत

बिहारशरीफ।  आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के अवसर पर स्वच्छ निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न कराने को लेकर जिला में 249 सेक्टर पदाधिकारियों को नियुक्त किया गया है। नियुक्त सेक्टर पदाधिकारियों को आज आरआइसीसी, राजगीर में उनके कर्तव्य, दायित्व एवं ईवीएम के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। साथ ही इस बार के चुनाव में उपयोग में लाए जाने वाले एम-3 मॉडल के ईवीएम के बारे में लाइव डेमो के साथ-साथ हैंड्स ऑन ट्रेनिग भी दी गई। प्रशिक्षण से पूर्व जिला निर्वाचन पदाधिकारी योगेंद्र सिंह ने सभी सेक्टर पदाधिकारियों की ब्रीफिग की। उन्होंने उनके कर्तव्य एवं दायित्व के बारे में विस्तृत रूप से बताया। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टर पदाधिकारी ईवीएम से संबंधित सभी तकनीकी जानकारी हैंड्स ऑन ट्रेनिग के माध्यम से अच्छे ढंग से प्राप्त कर लें। ईवीएम को बूथ तक ले जाने तथा मतदान के उपरांत ईवीएम वापस वज्रगृह में जमा कराने की महत्वपूर्ण जिम्मेवारी सभी सेक्टर पदाधिकारियों की होती है। इसलिए इस प्रक्रिया में सजग एवं सतर्क रहते हुए अपने दायित्व का निर्वह्न करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव में 920 अतिरिक्त मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसको लगाकर कुल मतदान केंद्रों की संख्या 3168 हो गई है। इस बार चुनाव में महिला मतदान पदाधिकारी भी लगाए जाएंगे। कुछ बूथ पर बूथ ऐप का उपयोग भी किया जाएगा। सभी सेक्टर पदाधिकारियों को अपने सम्बद्ध बूथ आने जाने का रास्ता, मतदान केंद्र भवन का प्रवेश एवं निकास का रास्ता आदि का भौतिक सत्यापन करते हुए मूवमेंट प्लान तैयार करने को कहा गया। साथ ही बूथ क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर किसी भी संभावित वल्नरेबल समूह /टोला की पहचान करेंगे। इसके कारक तत्व के बारे में भी जानकारी लेकर निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। अपने अपने बूथ पर पीडब्ल्यूडी वोटर की संख्या की भी जानकारी रखेंगे तथा उनके लिए बूथ पर उपलब्ध सुविधा के बारे में उस श्रेणी के मतदाताओं को अवगत कराएंगे। सभी सेक्टर पदाधिकारी निर्धारित चेक लिस्ट के अनुसार कार्य करेंगे। साथ ही कोविड-19 के प्रसार की स्थिति को देखते हुए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुरूप निर्वाचन से संबंधित सभी कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित कराएंगे। चुनाव प्रचार एवं नामांकन के दौरान लागू दिशा निर्देश का अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजगीर सहित विभिन्न विधानसभा क्षेत्र के आरओ,ए ईआरओ सहित सभी सेक्टर पदाधिकारी उपस्थित थे।


Posted By: Jagran
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार