भभुआ व चैनपुर विधानसभा में बनेंगे 160 नक्सल बूथ

कैमूर। विधानसभा चुनाव 2020 की रणभेरी बज चुकी है। चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना में कैमूर जिले के चारों विधानसभा में पहले चरण में ही चुनाव होगा। इसके लिए 28 अक्टूबर को मतदान होगा। चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अभी से सतर्कता बरती जा रही है। ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की कोई परेशानी उत्पन्न न हो। निर्वाचन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इस बार होने वाले विधानसभा चुनाव में जिले में कुल 160 नक्सल और 468 क्रिटिकल बूथ बनाए जाएंगे। इसमें सिर्फ दो विधानसभा क्षेत्र में ही नक्सल बूथ चिन्हित किए गए हैं। जिसमें भभुआ विधानसभा में 23 व चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में 137 नक्सल बूथ बनाए जाएंगे। जिला प्रशासन द्वारा वैसे बूथों को नक्सल बूथ के रूप में चिन्हित किया गया है जहां पूर्व में चुनाव के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा मतदान प्रक्रिया को बाधित किया गया है। वहीं चैनपुर प्रखंड में अधिकांश क्षेत्र पहाड़ी से घिरे हैं, इसके चलते इस विधानसभा क्षेत्र में नक्सल बूथों की संख्या अधिक है। उक्त सभी नक्सल व क्रिटिकल बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। इन बूथों पर मिलिट्री फोर्स की तैनाती रहेगी। ताकि असामाजिक तत्वों द्वारा मतदान प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न उत्पन्न की जा सके। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव 2020 को संपन्न कराने के लिए जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1206 मतदान केंद्र व 488 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसमें रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 283 मूल व 133 सहायक, मोहनिया सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र में 285 मूल व 112 सहायक, भभुआ में 290 मूल व 112 सहायक मतदान केंद्र तथा चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में 348 मूल व 131 सहायक मतदान केंद्रों को बनाया गया है।

बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन घायल यह भी पढ़ें
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार