प्रताड़ित महिला को भटका रही महिला थानाध्यक्ष

मधेपुरा। पीड़ित महिला को महिला थाने से न्याय नहीं मिल पा रहा है। देवर द्वारा यौन प्रताड़ना की कोशिश व दहेज प्रताड़ना के मामले में महिला थाने में दौड़-दौड़ कर परेशान हो गई हैं।

सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के गौरीपुर वार्ड नंबर एक की राजलक्ष्मी कुमारी न्याय के लिए 18 सितंबर से महिला थाने की चौखट खटखटा रही है, लेकिन वहां न्याय देने की जगह टाला जा रहा है। राजलक्ष्मी कुमारी ने 18 सितंबर को ही महिला थाने में जाकर पति प्रशांत कुमार, देवर निशांत कुमार, सास अनिला देवी एवं ससुर कृष्णदेव साह के विरुद्ध दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। वहीं देवर के विरुद्ध यौन उत्पीड़न की कोशिश का भी आरोप लगाया है। इसके बावजूद अब तक महिला थाना द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे पीड़ित निराश हो चुकी है। पीड़िता ने बताया कि महिला थानाध्यक्ष आरोपित पक्ष को बचाने की कोशिश में लगी हुई है।

यौन उत्पीड़न की कोशिश में सुलह की कोशिश पीड़िता ने 18 सितंबर को महिला थानाध्यक्ष को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई थी। देवर के विरूद्ध यौन उत्पीड़न की कोशिश के गंभीर आरोप के बावजूद महिला थाना ने दोनो पक्ष को सुलह के लिए नोटिस जारी किया था। नोटिस जारी कर सोमवार को दोनो पक्षों को बुलाया था। जहां दोनों पक्ष में सुलह नहीं हो पाई। यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर आरोप के बावजूद पहले सुलह की कोशिश और फिर उसके बाद भी एफआइआर दर्ज नहीं किया जाना महिला थानाध्यक्ष की भूमिका पर सवाल खड़ी कर रही है। सोमवार को सुलह की कोशिश नाकाम होने के बाद अब महिला थानाध्यक्ष घटनास्थल जाने के बाद एफआइआर दर्ज करने की बात कह रही है। कोट पीड़िता द्वारा दिए गए आवेदन पर सोमवार को दोनो पक्षों को सुलह के लिए बुलाया गया था, लेकिन सुलह नहीं हो पाया। अब मंगलवार को घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। आरती कुमारी, महिला थानाध्यक्ष,मधेपुरा
अभी तक इसकी जानकारी नहीं है। पीड़िता द्वारा आवेदन देने के बाद जो भी आवश्यक कार्रवाई होगी वह तत्काल की जाएगी। कार्रवाई में किसी भी प्रकार की विलंब नहीं होगा। योगेंद्र कुमार, एसपी, मधेपुरा
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार