चुनाव: लोजपा के खाते में सीट जाने की चर्चा से भाजपाईयों में उबाल

- मामला जिले के रजौली विधानसभा क्षेत्र का, संयोजक ने भेजा इस्तीफा

- आने वाले दिनों में पार्टी के कई कार्यकर्ता छोड़ सकते हैं पार्टी
--------------
संवाद सहयोगी, नवादा : जिले के रजौली (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र की सीट लोजपा के खाते में जाने की चर्चा भाजपा कार्यकर्ताओं में उबाल है। पार्टी कार्यकर्ता खुलकर इसका विरोध करने लगे हैं। हालांकि आधिकारिक रूप से सीट को लेकर एनडीए की तरफ से कोई ऐलान नहीं हुआ है। लेकिन चर्चा आम है कि रजौली की सीट लोजपा के खाते में चला जाए। सोशल मीडिया पर इसका विरोध शुरू हो गया है। इसके बीच रजौली के भाजपा के विधानसभा संयोजक अधिवक्ता संजय कुमार ने पार्टी से त्याग पत्र देने की घोषणा की है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष व जिलाध्यक्ष को इस निर्णय से अवगत कराते हुए कहा है कि पार्टी के पदों व सदस्यता से इस्तीफा दे रहे हैं। पत्र में उन्होंने लिखा है रजौली विधान सभा जनसंघ के समय से पार्टी के प्रत्याशी यहां जीतते रहे हैं या दूसरे स्थान पर काबिज रहे है। उसी प्रकार नवादा लोकसभा भी पार्टी 1996 से जीतती रही है। लेकिन प्रदेश नेतृत्व नवादा के कार्यकर्ताओं के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। पहले नवादा लोकसभा क्षेत्र पिछले चुनाव में लोजपा के हिस्से में दे दिया गया। अब रजौली विधानसभा क्षेत्र को लोजपा के खाते में दिया जा रहा है। जबकि नवादा जिला में लोजपा का कोई मजबूत संगठन नहीं है। उन्होंने कहा है कि 1991 से भाजपा का सक्रिय सदस्य रहते हुए विभिन्न पदों पर रहा हूं। नवादा, रजौली के साथ सौतेलेपन की व्यवहार प्रदेश नेतृत्व द्वारा किए जाने के विरोध स्वरूप पार्टी से त्यागपत्र देते हुए राजनीति से अलग हो रहा हूं। इधर, भाजपा के अन्य कई कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश देखा जा रहा है। कई कार्यकर्ता पार्टी से इस्तीफा देने का मन बना रहे हैं। सोशल मीडिया पर गुस्सा भी जाहिर किया जा रहा है। पूरे मामले पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय कुमार मुन्ना ने कहा कि रजौली में भाजपा चुनाव लड़ती रही है। इस बार भी भाजपा का ही उम्मीदवार चुनाव लड़ेगा।
फोटो : चुनाव : न्यूनतम मतदान प्रतिशत वाले बूथों पर विशेष अभियान यह भी पढ़ें
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार