मकान संबंधी विवाद में मारपीट दोनो पक्ष ने दर्ज कराई प्राथमिकी

कैमूर। नगर के वार्ड 15 में बीते दिन मकान संबंधी विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में दोनों पक्ष ने एक दूसरे पक्ष के लोगों के विरुद्ध थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रथम पक्ष से अजय अग्रवाल की पत्नी ममता अग्रवाल ने अपने आवेदन में लिखा है कि वह चार अक्टूबर को जर्जर घर की दीवार काट कर पीलर बनवा रही थी। इस दौरान वार्ड 15 निवासी बबलू आर्य व चंदन आर्य ने आकर काम बंद करा दिया। पुन: पांच अक्टूबर को जब उनके पति अपनी पुत्री मेनाली को लेकर बाहर गए थे। वह घर पर अकेली छत पर सफाई कर रही थी। इसी दौरान वार्ड 15 निवासी चंदन आर्य, बबलू आर्य, बुद्धु उर्फ कमलेश आर्य, सिधु आर्य, अखिलेश आर्य व अमित आर्य तीन अन्य लोगों के साथ आकर उसके साथ मारपीट कर उसको घायल कर दिया। साथ ही उसके गले के सोने की चेन अमित आर्य ने छीन लिया। साथ ही कहा कि मकान बनवाओगी तो बर्बाद कर दिया जाएगा। वहीं दूसरी तरफ अपने आवेदन में वार्ड 15 निवासी कमलेश आर्य ने लिखा है कि पांच अक्टूबर को वे अपने भतीजे सूरज कुमार के साथ घर की छत पर थे।

46 पैकेट व चार बोतल शराब के साथ दो गिरफ्तार, स्कूटर जब्त यह भी पढ़ें
इसी दौरान पट्टीदार अजय अग्रवाल व उनकी पत्नी ममता अग्रवाल तथा उनकी पुत्री मेनाली मेरी छत पर आकर घर की दीवार तोड़ने लगे। इसका विरोध करने पर उपरोक्त लोग गाली देते हुए ईंट व पत्थर चलाने लगे। इसमें भतीजा सूरज के सिर पर चोट लगने से सिर फट गया। हमलोग घर में भाग कर अपनी जान बचाए। इस समय मेनाली द्वारा चलाए गए पत्थर से उसकी मां ममता देवी का सिर फट गया। पूछे जाने पर थानाध्यक्ष ने बतया कि आवेदन के आधार पर दोनों पक्ष की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार