नाना से झगड़ा छुड़ा रहे भांजे को मामा ने गोली मारी

बिहारशरीफ। छबिलापुर थाना क्षेत्र के कहटा गांव में बुधवार की देर रात एक मामा ने भांजा को गोली मार दी, जिससे भांजा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बाद में उसे पुलिस की मदद से गंभीर हालत में पहले राजगीर अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। फिर यहां से पावापुरी मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि कहटा निवासी मंटू मिस्त्री का पुत्र बिजेंद्र मिस्त्री उसी गांव में रहने वाले रिश्ते के अपने मामा के घर गया था। जहां पर मामा और नाना झगड़ रहे थे। उसने झगड़ा सुलझाने का प्रयास किया। इसी क्रम में मामा ने भांजे पर पिस्तौल तान दी। अचानक गोली चल गई, जो भांजे के सीने के आर-पार हो गई। शुक्र रहा कि गोली फेफड़े से थोड़ा हटकर लगी, इससे जान बच गई। परंतु वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इधर, भांजे को जख्मी हालत में छोड़कर मामा फरार हो गया। गोली लगने की जानकारी होते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया। स्वजनों ने सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस जख्मी युवक को पहले राजगीर अनुमंडलीय अस्पताल फिर पावापुरी ले गई। जख्मी बिजेंद्र मिस्त्री की पत्नी ने छबिलापुर थाना में आवेदन देकर मामा ससुर को नामजद आरोपी बनाया है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है, आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पिस्तौल अवैध बताई जा रही है।
नामांकन आज से, प्रत्याशी के साथ दो सहयोगियों को ही अनुमति यह भी पढ़ें
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार