जिले में चुनावी तैयारियों का सामान्य प्रेक्षक ने लिया जायजा, की बैठक

बक्सर : बिहार विधान सभा आम निर्वाचन के अवसर पर जिले के लिए बनाए गए सामान्य प्रेक्षक सौरभ पहाड़ी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी अमन समीर एवं चारों विधान सभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारियों के साथ मंगलवार को बैठक की। बैठक में चुनाव से संबंधित की जा रही तैयारियों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्रेक्षक के द्वारा ली गई। तैयारियों के निमित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया गया। इस दौरान प्रेक्षक ने चारों विधान सभा क्षेत्र के प्रत्याशियों के साथ बैठक कर आवश्यक जानकारी देने की भी मंशा जताई। उन्होंने बताया कि उक्त बैठक में उनके साथ व्यय प्रेक्षक एवं पुलिस प्रेक्षक भी साथ रहेंगे। यह बैठक शुक्रवार को होगी।


जिला निर्वाचन पदाधिकारी शुक्रवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित करने का निर्देश उप निर्वाचन पदाधिकारी को दिया। बैठक में व्यय प्रेक्षक के द्वारा चुनाव कार्यों में व्यय की जा रही राशियों के संबंध में हिसाब देने, पुलिस प्रेक्षक के द्वारा सुरक्षा व्यवस्था एवं सामान्य प्रेक्षक के द्वारा एमसीसी एवं अन्य सभी आवश्यक जानकारी दी जाएगी। प्रत्याशियों से भी उनकी समस्याओं एवं अन्य बातों की जानकारी ली जाएगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कोविड-19 संक्रमण से बचाव हेतु किए जा रहे प्रशासनिक तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, चारों विधान सभा के निर्वाची पदाधिकारी, कार्मिक कोषांग के नोडल पदाधिकारी, मीडिया कोषांग के नोडल पदाधिकारी एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी उपस्थित थे।
मतदान केन्द्रों के सैनिटाइजेशन को प्रतिनियुक्त हुए कर्मी
बैठक में मतदान के लिए निर्धारित दिन के एक दिन पूर्व सभी मतदान केन्द्रों को सैनिटाइज करने हेतु कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर दिए जाने की जानकारी दी गई। मतदान के दिन मतदाताओं को मास्क का प्रयोग करने एवं मतदान के क्रम में सोशल डिस्टेसिग बनाए रखने हेतु विभिन्न माध्यमों से जानकारी दिए जाने की जानकारी दी गई। बताया गया कि मतदान केन्द्रों के प्रवेश द्वार पर आशा कार्यकर्ता थर्मल गन से तापमान का स्क्रीनिग करेंगी। मतदान करने हेतु मतदाताओं को ग्लब्स दिया जाएगा।
प्रेक्षक के सम्मुख होगा ईवीएम का रैंडमाइजेशन
इसके पूर्व हाथों को सैनिटाइज करने हेतु सैनिटाइजर की व्यवस्था रहेगी। मतदान के पश्चात ग्लब्स निकासी द्वार पर रखे पीले डस्टबीन में फेंकने के पश्चात पुन: हाथ सैनिटाइज करने की व्यवस्था रहेगी। मतदान के पश्चात आशा कार्यकर्ता की देखरेख में मतदान केन्द्र की सफाई करवाई जाएगी। डस्टबीन को उठाने हेतु ट्रैक्टर की व्यवस्था कर लिए जाने की जानकारी दी गई। प्रेक्षक ने बताया कि वे चारों विधान सभा क्षेत्र के सभी वर्नेबल बूथों का भौतिक निरीक्षण करेंगे। इसके लिए उन्हें बूथों तक पहुंचने हेतु नक्शा उपलब्ध कराने का निदेश जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने उपस्थित चारों निर्वाची पदाधिकारी को दिया। मतदान कर्मियों एवं ईवीएम का रैंडेमाइजेशन प्रेक्षक के सम्मुख किया जाएगा।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार