बिहार के डबल इंजन की सरकार में ही विकास ने पकड़ी रफ्तार: नित्यानंद

जागरण टीम, अकोढ़ीगोला/शिवसागर: बिहार के डबल इंजन की सरकार में ही विकास हुआ है। पूर्व की सरकार को भी आपने देखा होगा। आज इस देश को जो चाहिए उसे पीएम नरेंद्र मोदी देने के लिए तैयार हैं और बिहार में नीतीश कुमार ने विकास को रफ्तार और यहां के लोगो को देश और दुनिया में सम्मान दिलाने का का किया है। जिले के डेहरी विधानसभा के अकोढ़ीगोला व चेनारी विधानसभा के शिवसागर प्रखंड में केंद्रीय गृहराज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह बातें कही।

उन्होंने डेहरी विधानसभा के अकोढ़ीगोला अंतर्गत तेतराढ़ खेल मैदान में एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी सत्यनारायण सिंह यादव के पक्ष में संबोधित करते हुए कहा कि एक भगीरथ थे, जिन्होंने गंगा को धरती पर उतारा, दूसरा भगीरथ देश के पीएम मोदी हैं, जो विकास के लिए तत्पर हैं। गरीबों की इज्जत के लिए सम्मान घर शौचालय दिया। कल्याणकारी योजनाओं में बिचौलिया प्रथा को समाप्त करने के लिए 32 करोड़ जनधन खाता खुलवाया। लॉकडाउन के दौरान खाता में गरीबों को पैसा आया है। नीतीश की सरकार में साढ़े छह लाख नौकरियां मिली हैं। विकास मित्र की नियुक्ति, रोजगार सेवक, किसान सलाहकार व समन्वक, 12 लाख जीविका को रोजगार के अलावा बेहतर सड़क, बिजली, पानी इन्होंने दिया है। किसानों को डीजल से सिचाई से मुक्ति मिली है, अब बिजली से होती है।

वहीं विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी ने कहा कि वे पूर्व में महागठबंधन में थे। महागठबंधन के साथी ने पीठ में छुरा घोपने का काम किया। जबकि मोदी ने 11 सीट देकर हमें मरहम लगाने का काम किया। उन्होंने लोगो से कहा कि जिससे अपना परिवार नहीं चलता है, उसे आप अपना राज्य नहीं सौंपें। मोदी ने भारत में मछुआरा समाज के कल्याण के लिए 20 हजार करोड़ रुपया मत्स्य योजना के लिए देकर मछुआरा समाज के विकास का काम किया है। दोनों नेताओं ने केंद्र और राज्य की अन्य विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए एनडीए की सरकार बनाने के लिए भाजपा प्रत्याशी सत्यनारायण सिंह को जीत दिलाने की अपील की। एनडीए समर्थित प्रत्याशी सत्यनारायण सिंह ने 15 महीने के अपने विकास कार्य पार्क, सड़क आदि पर फोकस किया। मौके पर भाजपा प्रखंड अध्यक्ष शशिभूषण राय, पंकज पांडेय, आनंदजी गुप्ता, राघवेंद्र प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह आदि मौजूद थे। वहीं चेनारी के आलमपुर में एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी के समर्थन में भी चुनावी सभा की।
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार