छाने लगा कुहासा, अब धीरे-धीरे बढ़ेगी ठंड

सुपौल। अधिक मास के कारण इस बार दशहरा एक महीने बाद हुआ। अगर अधिक मास नहीं रहता तो एक महीने पूर्व ही दशहरा हो जाता। दशहरा की समाप्ति के साथ ही कुहासा छाने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार ठंड धीरे-धीरे बढ़ेगी।

दरअसल दीपावली से ठंड की शुरुआत हो जाती थी। इस साल दुर्गा पूजा एक महीने बाद हुई। इसलिए दुर्गा पूजा बाद ही ठंड की शुरुआत हो गई है। रात में कुहासा छाने लगा है जो सुबह में देर तक छाया रहता है। पानी के बूंद सा कुहासा टपकता है। इसके साथ ही देर रात बाद ठंड लगनी भी शुरू हो गई है। देर रात बाद लोग अपने घरों में रात को पंखा और एसी को ऑफ करने लगे हैं। बड़े-बुजुर्ग तो ठंड को लेकर खासे परहेज करते दिखने लगे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के दरवाजे पर अलाव जलने लगे हैं तो शहरों में लोग हीटर, रूम वार्मर आदि को झाड़ने-पोंछने लगे हैं। बुजुर्गों की माने तो चढ़ती और उतरती ठंड अधिक परेशान करनेवाली होती है। डॉक्टर की राय में भी शुरुआती ठंड में खासकर बुजुर्गों और बच्चों को विशेष परहेज की आवश्यकता होती है। दिन की गर्मी के कारण लोग वैसे ही कपड़ों में घरों से निकलते हैं जबकि बाद में ठंड का एहसास होने लगता है। ऐसे में अब कपड़ों का विशेष ध्यान रखने की बात डॉक्टर कहते हैं। डॉक्टर की राय में अब दिन में घर से निकलते वक्त कुछ गर्म कपड़े साथ में जरूर रखें। ब्लड प्रेशर और मधुमेह के मरीज नियमित जांच करवाएं और दवा का सेवन करें। मॉर्निंग वाक के समय में भी वे परिवर्तन करें और घूप निकलने के बाद ही घूमने जाएं साथ ही खान-पान में वसा वाली चीजों से परहेज करें।
त्रिवेणीगंज के एक मजदूर की कोयंबटूर में मौत यह भी पढ़ें
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार