चुनावी विवाद में दोनों पक्षों से 14 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज जांच में जुटी पुलिस

बक्सर : बुधवार को राजपुर के गैधरा गांव में चुनावी मुद्दे को लेकर हुए विवाद और गोलीबारी मामले में दोनों पक्ष के बयान पर काउंटर केस दर्ज कराया गया है। इस मामले में दोनों पक्ष के कुल 14 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। केस दर्ज करने के साथ ही पुलिस आगे की प्रक्रिया में लग गई है। हालांकि, अभी तक किसी के भी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

इसकी जानकारी देते राजपुर थानाध्यक्ष रजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि बुधवार को गैधरा गांव में हुए विवाद और गोलीबारी मामले में दोनों पक्ष से कुल 14 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जिसमें एक तरफ से मनोज पाठक तथा दूसरे पक्ष के निरंजन पाठक की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें मनोज पाठक के तरफ से निरंजन पाठक, अजय पाठक सहित आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जबकि, निरंजन पाठक के समर्थक अजय पाठक के लिखित आवेदन पर धनंजय पाठक, मनोज पाठक सहित छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बताते चलें कि निरंजन पाठक कांग्रेस और मनोज पाठक भाजपा के समर्थक हैं। दोनों के बीच विगत 28 अक्टूबर को चुनाव के दिन ही ग्रामीणों को अपने पक्ष में मतदान करने के विषय पर समझाने के क्रम में जोरदार बहस हई थी। उस दिन तो लोगों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हो गया था। पर, बुधवार को एक बार फिर उसी बात को लेकर पुन: दोनों आमने सामने हो गए। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते दोनों तरफ से बंदूकें तन गई और अंधाधुंध गोलियां चलने लगी। हालांकि, गोलीबारी की इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन, गांव में दहशत का माहौल कायम हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखा बरामद किए थे।
प्रशासन के एक और अधिकारी की पॉजिटिव आई रिपोर्ट यह भी पढ़ें
डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

अन्य समाचार