कैमूर में दीपावली पर निखरेगी घरों की सूरत, लोगों को भा रहा एचडी पेंट, चूने की चमक हुई फीकी

जेएनएन, गया। कोरोना काल में हर काम प्रभावित है। लेकिन इस बीच दीपावली अा गई है। घरों का रंग-रोगन तेजी से होने लगा है। एक जमाना था कि लोग अपने घरों की पुताई चूना से करते थे। लेकिन बदलते समय में चूने का उपयोग नहीं के बराबर हो गया है। अब एचडी पेंट का जमाना है। कंपनियों ने एचडी पेंट लाकर लोगों और भी हाइटेक कर दिया है।

कैमूर जिले की कई दुकानों में कंप्यूटराइज पेंटिंग बनाने का काम किया जाता है। मोहल्ले में एक व्यक्ति के एचडी पेंट घर पर लगवाने के बाद देखादेखी कई अन्‍य लोग भी एचडी पेंटिंग कराने लगे हैं। कंप्यूटर के माध्यम से मन पसंद कलर तैयार होता है। इस चकाचौंध में लोग परंपरागत चूने से पुताई कराना भूल ही गए हैं। कुल मिलाकर चूने की बिक्री लगभग 10 से 15 प्रतिशत तक ही सिमट कर रह गई है। चूने से पेंटिंग का वैज्ञानिक लाभ ये भी था कि चूने की पुताई से घरों में कीटाणु का नाश हो जाता था। चूने का वैसे भी गंदे स्थानों पर छिड़काव किया जाता है ताकि किटाणुओं से बचा जा सके। लेकिन नए युग में लोग चूने काे भूल रहे हैं।
कोरोना काल में भी लाखों का कारोबार होने के आसार : कोरोना काल में लगभग हर व्यवसाय बाधित हुआ है। लेकिन सरकार के अनलॉक में छूट देने के बाद तथा दीपावली के आगमन से अब पेंट के कारोबारियों के लिए कुछ स्थिति ठीक हुई है। कोरोना काल में अब भी ज्यादा से ज्यादा समय लोग घरों में ही बिता रहे है। ऐसे में घर में पेंटिंग का काम शुरू हो गया है। घरों में भी एचडी पेंट का काम शुरू कर दिया। लोगों का शौक इतना बढ़ गया है कि घरों को सुंदर और सुसज्जित बनाने के लिए खर्च की परवाह नहीं कर रहे हैं। ज्यादातर वाटर प्रूफ पेंट तथा एचडी पेंट की मांग है। जबकि कम बजट वाले लोग सीमो सीम तथा एसेंट पेंट लेकर काम चला रहे है। सबसे अधिक एचडी पेंट के प्रति लोगों की रुचि है। जबकि नवंबर माह में अंतिम समय तथा दिसंबर माह में शादी के भी सीजन है। इसलिए घरों में पेंटिंग का काम तेज हो गया है।
मिल रहा रोजगार - एचडी पेंट के जरिए लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। पेंट की दुकानों पर पेंटर भी रखे गए है। कंप्यूटर से मन पंसद पेंट बनने के बाद लोग कारीगर से घरों की पुताई करा रहे है। ऐसे में दुकानदार के साथ साथ अन्य लोगों को रोजगार भी मिल रहा है। दीपावली को लेकर बाजारों में भी चहल पहल है।

अन्य समाचार